चांपा की बिगड़ी यातायात व्यवस्था सुधारने प्रशासन ने कसी कमर, जल्द चलेगा विशेष अभियान…


एसडीएम, एसडीओपी और नगर पालिका अध्यक्ष की संयुक्त बैठक में बनी सहमति, व्यापारियों और आमजन से सहयोग की अपील.
चांपा। नगर में लगातार बढ़ रही यातायात संबंधी समस्याओं को दूर करने और शहर की यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से प्रशासन ने पहल शुरू कर दी है। इसी कड़ी में एसडीएम (राजस्व) चांपा, एसडीओपी (पुलिस) चांपा एवं नगर पालिका अध्यक्ष चांपा की संयुक्त उपस्थिति में यातायात व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, चैंबर ऑफ कॉमर्स के सदस्यगण, व्यापारियों एवं आम नागरिकों की मौजूदगी रही। बैठक में चांपा शहर की मौजूदा यातायात व्यवस्था, सड़क पर होने वाली भीड़, वाहनों की अनियमित पार्किंग तथा आवागमन में होने वाली परेशानियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
सर्वसम्मति से व्यवस्था सुधारने पर बनी सहमति-
बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों एवं आमजन ने शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रशासन द्वारा किए जाने वाले प्रयासों में सहयोग देने पर सर्वसम्मति से अपनी सहमति जताई। सभी ने माना कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए प्रशासन के साथ-साथ व्यापारियों और नागरिकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है।
प्रशासन की ओर से जल्द ही शहर में यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए विशेष अभियान चलाए जाने की तैयारी है। अभियान के दौरान यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के साथ ही सड़क पर अनावश्यक रूप से होने वाले अवरोधों और अव्यवस्थित पार्किंग जैसी समस्याओं पर भी ध्यान दिया जाएगा।
व्यापारियों से सहयोग की अपील-
प्रशासन ने शहर के सभी व्यापारी बंधुओं से अपील की है कि वे अपनी दुकानों के सामने सड़क अथवा सार्वजनिक मार्ग पर ऐसा सामान न रखें, जिससे यातायात प्रभावित हो। साथ ही ग्राहकों एवं कर्मचारियों के वाहनों की पार्किंग भी निर्धारित एवं व्यवस्थित तरीके से कराने में सहयोग करें।
प्रशासन का मानना है कि व्यापारी, आम नागरिक और प्रशासन मिलकर प्रयास करें तो चांपा की यातायात व्यवस्था को काफी हद तक बेहतर बनाया जा सकता है।
शहरवासियों को मिलेगी राहत की उम्मीद-
चांपा शहर में बाजार क्षेत्र और प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव रहने के कारण कई बार लोगों को जाम और आवागमन की परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में प्रशासन द्वारा यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए अभियान चलाए जाने की पहल से शहरवासियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
प्रशासन ने सभी नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित स्थान पर वाहन पार्क करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

