नकली पिस्टल और तलवार लहराकर दहशत फैलाने वाले दो युवक गिरफ्तार, स्कॉर्पियो भी जब्त…
चलती स्कॉर्पियो से राहगीरों को डरा रहे थे आरोपी, कोतवाली पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा.. जांजगीर-चांपा। सार्वजनिक स्थान पर नकली पिस्टल और तलवार लहराकर राहगीरों में दहशत फैलाने वाले दो युवकों को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी चलती स्कॉर्पियो से नकली पिस्टल और तलवार बाहर निकालकर आने-जाने वाले लोगों को भयभीत कर …

चलती स्कॉर्पियो से राहगीरों को डरा रहे थे आरोपी, कोतवाली पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा..
जांजगीर-चांपा। सार्वजनिक स्थान पर नकली पिस्टल और तलवार लहराकर राहगीरों में दहशत फैलाने वाले दो युवकों को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी चलती स्कॉर्पियो से नकली पिस्टल और तलवार बाहर निकालकर आने-जाने वाले लोगों को भयभीत कर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकली पिस्टल, चापड़/तलवार तथा घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, जिले के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (IPS) ने थाना प्रभारियों की बैठक लेकर क्षेत्र में अवैध गतिविधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यॉर्क एवं CSP कोतवाली योगिता बाली खापर्डे के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी सिटी कोतवाली जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रही थी।
इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक स्कॉर्पियो वाहन में सवार होकर शारदा चौक के पास मेन रोड पर नकली पिस्टल और तलवार लहराते हुए राहगीरों को डरा-धमका रहे हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने तत्काल घेराबंदी की और दोनों युवकों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान सोहन उर्फ साहिल सिंह पांडू (22 वर्ष), निवासी ग्राम भदौरा, थाना मस्तूरी, जिला बिलासपुर तथा निखिल बाधड़े (21 वर्ष), निवासी ग्राम भनेसर, थाना मस्तूरी, जिला बिलासपुर के रूप में हुई।
पुलिस ने तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 01 नग नकली पिस्टल और 01 नग तलवार/चापड़ बरामद किया। साथ ही घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन को भी जब्त किया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपियों द्वारा हथियारों के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया गया। इसके बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की गई।
पुलिस की आम नागरिकों से अपील-
जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली घटना की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
