जांजगीर में ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत! BTI चौक से कलेक्ट्रेट तिराहा तक सड़क के दोनों ओर 12-12 मीटर की मार्किंग, अतिक्रमण हटाने दुकानदारों को अल्टीमेटम…


जांजगीर। शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और आए दिन लगने वाले जाम से आम नागरिकों को राहत दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने अब सख्ती के साथ पहल शुरू कर दी है। बुधवार, 11 नवंबर को कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में प्रशासन, पुलिस, नगर पालिका और लोक निर्माण विभाग (PWD) की संयुक्त टीम ने BTI चौक से कलेक्ट्रेट तिराहा तक निर्माणाधीन डिवाइडर के दोनों ओर सड़क का सर्वे किया। इस दौरान सड़क के दोनों तरफ 12-12 मीटर की चौड़ाई का नाप लेकर सीमांकन एवं मार्किंग की गई।
सड़क पर अतिक्रमण करने वालों को दी गई समझाइश
संयुक्त टीम ने सड़क किनारे दुकान संचालित करने वाले व्यापारियों को निर्धारित सीमा का पालन करने की समझाइश दी। दुकानदारों को अपने दुकान के बोर्ड, फ्लेक्स और बैनर निर्धारित सीमा से हटाने के निर्देश दिए गए। साथ ही दुकान का सामान सड़क पर नहीं फैलाने और स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने की हिदायत दी गई, ताकि आवागमन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
पार्किंग के लिए चिन्हित होंगे नए स्थान
शहर में बेतरतीब पार्किंग की समस्या को देखते हुए सड़क के दोनों ओर कुछ शासकीय पार्किंग स्थलों का चिन्हांकन किया गया है। इसके अलावा अन्य संभावित स्थानों के शासकीय रिकॉर्ड की जांच कर उन्हें भी पार्किंग स्थल के रूप में विकसित करने की योजना बनाई जा रही है। इससे सड़क पर वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।
बिजली के खंभे भी बन रहे यातायात में बाधा
सर्वे के दौरान सामने आया कि सड़क के दोनों ओर लगे विद्युत खंभों के कारण कुछ स्थानों पर सड़क की चौड़ाई प्रभावित हो रही है। इन स्थानों का चिन्हांकन कर विद्युत विभाग के साथ समन्वय स्थापित करते हुए खंभों की शिफ्टिंग सहित आवश्यक कार्रवाई पर विचार किया गया।
गलत पार्किंग करने वालों पर होगी चालानी कार्रवाई
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित पार्किंग स्थलों के बजाय सड़क पर वाहन खड़े कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जाएगी। यातायात व्यवस्था में व्यवधान उत्पन्न करने वालों को अब नियमों का पालन करना होगा।
इस संयुक्त सर्वे एवं सीमांकन कार्रवाई में राजस्व विभाग, पुलिस विभाग, यातायात पुलिस, लोक निर्माण विभाग और नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
पुलिस की व्यापारियों एवं नागरिकों से अपील
जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि वे सड़क एवं फुटपाथ पर अतिक्रमण न करें, दुकान का सामान सड़क पर न फैलाएं तथा निर्धारित स्थानों पर ही वाहन पार्क करें। पुलिस ने कहा कि शहर को जाममुक्त, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन के साथ-साथ नागरिकों एवं व्यापारियों का सहयोग भी बेहद जरूरी है।
अब देखना होगा कि संयुक्त सर्वे और सीमांकन के बाद जांजगीर शहर की यातायात व्यवस्था कितनी सुधरती है और अतिक्रमण पर प्रशासन की कार्रवाई कितनी प्रभावी साबित होती है।
