Chhattisgarh

साथी आरक्षक का मोबाइल चुराकर खाते से उड़ाए ₹4.87 लाख, साइबर थाना पुलिस ने आरोपी आरक्षक को किया गिरफ्तार…

जांजगीर-चांपा।
जांजगीर-चांपा साइबर थाना पुलिस ने ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी के एक गंभीर मामले का खुलासा करते हुए 11वीं बटालियन में पदस्थ एक आरक्षक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपने ही साथी पुलिसकर्मी का मोबाइल चोरी कर उसके बैंक खाते से ₹4,87,911 की ऑनलाइन निकासी कर ली। पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी की गई रकम को ऑनलाइन गेम खेलने में खर्च कर रहा था।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के ग्राम चांदो निवासी एवं वर्तमान में 11वीं बटालियन जांजगीर में पदस्थ आरक्षक सुधीर कुमार सिंह ने साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 23 अप्रैल 2026 की रात बैरक में चार्जिंग पर लगाया गया उनका वीवो वाई-21 मोबाइल फोन चोरी हो गया था। कुछ दिनों बाद बैंक खाते की जांच कराने पर पता चला कि 24 अप्रैल से 3 मई 2026 के बीच विभिन्न ऑनलाइन माध्यमों से उनके खाते से ₹4.87 लाख से अधिक की राशि निकाल ली गई है।

जांच के दौरान साइबर थाना पुलिस का संदेह 11वीं बटालियन में पदस्थ आरक्षक सुनील कुमार यादव पर गया, जो घटना के बाद से बटालियन परिसर में भी नहीं था। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने चोरी किए गए मोबाइल में मौजूद आधार नंबर की मदद से नई यूपीआई आईडी बनाकर बैंक खाते से ऑनलाइन ट्रांजेक्शन किए और रकम निकाल ली।

साइबर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) तथा आईटी एक्ट की धारा 66-सी और 66-डी के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button