चांपा से पुरी के लिए रवाना हुए 277 तीर्थयात्री, मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना से पूरा होगा भगवान जगन्नाथ के दर्शन का सपना…


मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति श्रद्धालुओं ने जताया आभार, पुरी के साथ कोणार्क और भुवनेश्वर के धार्मिक स्थलों का करेंगे भ्रमण
जांजगीर-चांपा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत जिले के 277 तीर्थयात्रियों को चांपा रेलवे स्टेशन से पुरी, कोणार्क और भुवनेश्वर की चार दिवसीय यात्रा के लिए रवाना किया गया। 23 से 26 अक्टूबर 2026 तक आयोजित इस यात्रा के माध्यम से श्रद्धालुओं को निःशुल्क तीर्थ दर्शन का अवसर मिल रहा है। ट्रेन को जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और सभी यात्रियों को मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
जनप्रतिनिधियों ने दिखाई हरी झंडी-
तीर्थयात्रियों की रवानगी के अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती उमा राजेन्द्र राठौर, जिला पंचायत सदस्य राज कुमार साहू, नगर पालिका अध्यक्ष प्रदीप नामदेव, इंजी. रवि पांडेय तथा अपर कलेक्टर श्रीमती स्निग्धा तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

भगवान जगन्नाथ के दर्शन करेंगे श्रद्धालु-
चार दिवसीय यात्रा के दौरान तीर्थयात्री पुरी स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर में दर्शन करेंगे। इसके साथ ही कोणार्क के प्रसिद्ध सूर्य मंदिर और भुवनेश्वर के प्रमुख धार्मिक स्थलों का भ्रमण भी करेंगे। यात्रा को सुगम एवं सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन की ओर से भोजन, चिकित्सा, ठहरने और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाएं की गई हैं।
वर्षों पुराना सपना होगा साकार, मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार
तीर्थ यात्रा पर रवाना हो रहे श्रद्धालुओं के चेहरों पर उत्साह और खुशी दिखाई दी। यात्रियों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उनके लिए अपने खर्च पर पुरी जाकर भगवान जगन्नाथ के दर्शन करना कठिन था। मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के माध्यम से अब उनका वर्षों पुराना सपना पूरा होने जा रहा है।
योजना के तहत निःशुल्क तीर्थ दर्शन की सुविधा मिलने से श्रद्धालुओं में खुशी का माहौल है। यह पहल जरूरतमंद लोगों को धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर प्रदान करने के साथ ही उनकी आस्था और विश्वास को भी नई ऊर्जा दे रही है।
