Chhattisgarh

स्नैपचैट पर दोस्ती, मिलने के बहाने चांपा बुलाया और चाकू की नोक पर कर दी लूट! युवती समेत 6 आरोपी गिरफ्तार…



जांजगीर-चांपा। सोशल मीडिया पर दोस्ती कर युवक को हनी ट्रैप के जाल में फंसाना और फिर मिलने के बहाने बुलाकर चाकू की नोक पर लूटपाट करना एक गिरोह को भारी पड़ गया। जांजगीर-चांपा पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात का पर्दाफाश करते हुए एक युवती सहित कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने युवक से मारपीट कर 60 हजार रुपये नगद और सोने की अंगूठी लूट ली थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम में से 30 हजार रुपये नगद, घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल जब्त की हैं।


सोशल मीडिया पर दोस्ती के बाद रची लूट की साजिश
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जिला रायगढ़ निवासी प्रार्थी मनीष वर्मा की पहचान स्नैपचैट के माध्यम से रायगढ़ क्षेत्र की एक युवती से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत होने लगी। इसी दौरान युवती लगातार युवक को मिलने के लिए चांपा बुला रही थी।
युवती के बुलावे पर 4 नवंबर 2026 को मनीष अपने एक दोस्त के साथ कार से चांपा पहुंचा। युवती के कहने पर उसने अपने मित्र को मड़वा प्लांट के मुख्य द्वार पर छोड़ दिया और स्वयं उससे मिलने आगे चला गया। इसी दौरान रात करीब 12:20 बजे मड़वा प्लांट के पास छह युवक कार के पास पहुंचे और चाकू दिखाकर मनीष को बाहर निकाल लिया।


चाकू दिखाकर की मारपीट, 60 हजार रुपये और सोने की अंगूठी लूटी
आरोपियों ने युवक के साथ हाथ-मुक्कों और बेल्ट से बेरहमी से मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसके पास रखे 60 हजार रुपये नगद और पहनी हुई सोने की अंगूठी लूटकर फरार हो गए। पुलिस जांच में युवती की भी इस पूरी वारदात में आरोपियों के साथ मिलीभगत सामने आई।
एसपी के निर्देशन में पुलिस की त्वरित कार्रवाई, युवती समेत 6 गिरफ्तार


घटना की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली जांजगीर में अपराध क्रमांक 917/2026 के तहत धारा 115(2), 308(2), 111(1), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन एवं CSP कोतवाली योगिताबाली खापर्डे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल एक युवती सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।


गिरफ्तार आरोपियों के नाम
अमित राठौर (21 वर्ष), निवासी पुरानी बस्ती वार्ड क्रमांक 12, जांजगीर।
रवि झलरिया (24 वर्ष), निवासी हसदेव विहार कॉलोनी, जांजगीर।
किशन कर्ष (21 वर्ष), निवासी ग्राम महुदा, थाना चांपा, हाल खड़फड़ी पारा वार्ड क्रमांक 21, जांजगीर।
कुनाल पाण्डेय (20 वर्ष), निवासी लिंक रोड शंकर विहार कॉलोनी, जांजगीर, हाल भोजपुर मिशन हॉस्पिटल, थाना चांपा।
मुकेश कश्यप उर्फ छोटू (19 वर्ष), निवासी जोबी (जर्वे च), थाना जांजगीर।
एक युवती, निवासी जिला रायगढ़ क्षेत्र।


30 हजार रुपये नगद, मोबाइल और दो मोटरसाइकिल जब्त
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम में से 30 हजार रुपये नगद, घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिल जब्त की हैं। मामले में आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


पुलिस की अपील : सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती करते समय रहें सतर्क
जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अनजान व्यक्तियों से दोस्ती और बातचीत करते समय सावधानी बरतें। बिना पर्याप्त जानकारी और पहचान की पुष्टि किए किसी अनजान व्यक्ति से मिलने न जाएं। विशेषकर सुनसान और एकांत स्थानों पर जाने से बचें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या धोखाधड़ी की आशंका होने पर तत्काल नजदीकी थाना अथवा पुलिस को सूचना दें।
इस कार्रवाई के साथ पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि सोशल मीडिया के जरिए लोगों को जाल में फंसाकर अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button