बीबी फातिमा ह्यूमेनिटी फाउंडेशन की पहल: आज चांपा में सजेगा प्रतिभा सम्मान समारोह, मेधावी विद्यार्थियों सहित विशिष्ट हस्तियों का होगा सम्मान…


चांपा में आज होगा ‘प्रतिभा सम्मान समारोह’, मेधावी छात्र-छात्राओं सहित विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं का होगा सम्मान..
चांपा। बीबी फातिमा ह्यूमेनिटी फाउंडेशन, जांजगीर-चांपा के तत्वावधान में आज रविवार, 25 अक्टूबर 2026 को चांपा में भव्य ‘प्रतिभा सम्मान समारोह’ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में शिक्षा, खेल एवं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया जाएगा। समारोह दोपहर 3 बजे से क्लब हाउस, ओम सिटी चांपा में आयोजित होगा।
फाउंडेशन द्वारा आयोजित इस समारोह में मेधावी छात्र-छात्राओं के साथ लाइटिंग टैलेंट अचीवमेंट अवार्ड, इम्पैक्ट मेकर अवार्ड और बेस्ट टीचर अवार्ड के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य प्रतिभाशाली लोगों की उपलब्धियों को पहचान देना तथा उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती अंजू नायक, महाप्रबंधक, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, रायगढ़ तथा सुश्री प्रतिभा सिंह माथुर, जिला युवा अधिकारी, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार शामिल होंगी। वहीं डॉ. शिखा सिंह, प्रिंसिपल, श्री कृष्णा विद्यापीठ महाविद्यालय, बनाहिल अकलतरा भी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी। विशिष्ट अतिथि के रूप में अमिता श्रीवास, एवरेस्ट विजेता एवं सुप्रसिद्ध महिला पर्वतारोही, चांपा की उपस्थिति रहेगी।
आयोजकों के अनुसार, प्रतिभाओं का सम्मान समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने के साथ ही युवाओं को अपनी क्षमता पहचानने और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करता है। समारोह के माध्यम से शिक्षा, समर्पण और उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया जाएगा।
बीबी फातिमा ह्यूमेनिटी फाउंडेशन ने विद्यार्थियों और महिला संगठनों से कार्यक्रम में शामिल होकर प्रतिभाओं का उत्साह बढ़ाने की अपील की है।
कार्यक्रम विवरण
दिनांक: रविवार, 25 अक्टूबर 2026
समय: दोपहर 3 बजे
स्थान: क्लब हाउस, ओम सिटी, चांपा
आयोजक: बीबी फातिमा ह्यूमेनिटी फाउंडेशन, जांजगीर-चांपा

