शेयर मार्केट में पैसा दोगुना करने का झांसा देकर ₹2.04 करोड़ की ठगी, पति-पत्नी गिरफ्तार…


जांजगीर-चांपा। शेयर मार्केट में निवेश कर रकम दोगुनी करने का लालच देकर 2.04 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी करने वाले पति-पत्नी को चांपा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लैपटॉप, टैबलेट, मोबाइल फोन और चेकबुक जब्त किए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) एवं 3(5) के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार, चांपा निवासी हेमदत्त केशरवानी ने 24 मई 2026 को थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनकी पहचान मारुति विहार कॉलोनी निवासी हरिशंकर गुप्ता से थी। हरिशंकर गुप्ता और उनकी पत्नी रेखा गुप्ता ने शेयर ट्रेडिंग में निवेश करने पर रकम दोगुनी होने का भरोसा दिलाया। उनके झांसे में आकर प्रार्थी सहित अन्य लोगों ने चेक और आरटीजीएस के माध्यम से कुल ₹2,04,97,502 आरोपियों के खातों में जमा कर दिए।
आरोपियों ने निवेशकों को केवल ₹39,99,400 ही वापस किए, जबकि शेष राशि लौटाने के बजाय लगातार टालमटोल करते रहे और अंततः रकम का गबन कर लिया।
तकनीकी इनपुट से नया रायपुर में दबोचे गए आरोपी..
मामला दर्ज होने के बाद दोनों आरोपी लगातार ठिकाने बदलकर फरार चल रहे थे। थाना चांपा पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर नया रायपुर में दबिश देकर दोनों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने ठगी की बात स्वीकार की। पुलिस ने उनके कब्जे से लैपटॉप, टैबलेट, मोबाइल फोन और चेकबुक जब्त कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
गिरफ्तार आरोपी
हरिशंकर गुप्ता (43 वर्ष)
रेखा गुप्ता (42 वर्ष)
दोनों निवासी मारुति विहार कॉलोनी, चांपा, जिला जांजगीर-चांपा।

