चांपा की बदहाल व्यवस्था पर कांग्रेस का अल्टीमेटम, 10 दिन में समस्याएं दूर नहीं हुईं तो होगा जन आंदोलन…


रामबांधा तालाब की सफाई, बंद स्ट्रीट लाइटें, जर्जर सड़कें और नालियों की बदहाली को लेकर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन..
बैरियर चौक से घटोली चौक तक सड़क चौड़ीकरण और डिवाइडर निर्माण की उठी मांग…
चांपा। नगर की मूलभूत समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर शहर कांग्रेस कमेटी चांपा ने प्रशासन के खिलाफ आवाज बुलंद की है। नगर की बदहाल साफ-सफाई व्यवस्था, रामबांधा तालाब में गंदगी और जलकुंभी, बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों, नालियों की नियमित सफाई तथा सड़कों की खराब स्थिति सहित विभिन्न समस्याओं को लेकर कांग्रेस नेताओं ने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व (एसडीएम), चांपा को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस ने प्रशासन को 10 दिनों का समय देते हुए चेतावनी दी है कि निर्धारित अवधि में समस्याओं का उचित निराकरण नहीं होने पर क्षेत्रीय विधायक एवं जनप्रतिनिधियों के नेतृत्व में जन आंदोलन किया जाएगा।
रामबांधा तालाब की सफाई से लेकर सड़क चौड़ीकरण तक की मांग
कांग्रेस द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में रामबांधा तालाब की नियमित साफ-सफाई कराने, तालाब में फैली गंदगी और जलकुंभी की समस्या दूर करने तथा नगर में बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने की मांग की गई है। इसके साथ ही वार्ड क्रमांक 01 से 27 तक नालियों की नियमित सफाई, नगर के प्रमुख मार्गों एवं गलियों की सड़कों की मरम्मत और साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने की मांग भी उठाई गई।
ज्ञापन में बैरियर चौक से घटोली चौक तक सड़क चौड़ीकरण एवं डिवाइडर निर्माण का मुद्दा प्रमुखता से रखा गया। वहीं, नगर के भीतर भारी वाहनों के आवागमन से उत्पन्न समस्याओं पर गंभीरता से विचार कर उचित यातायात व्यवस्था बनाने की मांग की गई।
प्रशासन और नगर पालिका की जिम्मेदारी तय करने की मांग
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने कहा कि नगर की मूलभूत समस्याओं का समाधान करना प्रशासन और नगर पालिका की प्राथमिक जिम्मेदारी है। रामबांधा तालाब में गंदगी और जलकुंभी के साथ शहर की साफ-सफाई व्यवस्था की स्थिति नागरिकों के स्वास्थ्य एवं पर्यावरण के लिए चिंताजनक है। प्रशासन को जनहित में इन समस्याओं का तत्काल निराकरण करना चाहिए।
जांजगीर-चांपा विधायक व्यास कश्यप ने कहा कि आम नागरिकों को स्वच्छ वातावरण, बेहतर सड़कें, नियमित नाली सफाई और पर्याप्त प्रकाश जैसी बुनियादी सुविधाएं मिलना उनका अधिकार है। लंबे समय से लंबित समस्याओं की अनदेखी उचित नहीं है। संबंधित अधिकारियों को जनसमस्याओं को गंभीरता से लेते हुए समय-सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए।
समस्याओं को लेकर लगातार आवाज उठा रही कांग्रेस
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुनील साधवानी ने कहा कि शहर कांग्रेस कमेटी लगातार नगरवासियों की समस्याओं को प्रशासन के समक्ष उठाती रही है। रामबांधा तालाब की सफाई, बंद स्ट्रीट लाइटों को चालू कराने, वार्ड क्रमांक 01 से 27 तक नालियों की सफाई और सड़कों की स्थिति सुधारने की मांग पूरी तरह जनहित से जुड़ी हुई है। इन समस्याओं के समाधान तक कांग्रेस जनता की आवाज उठाती रहेगी।
नेता प्रतिपक्ष हरीश पाण्डेय ने नगर के प्रमुख मार्गों और गलियों की बदहाल स्थिति, अंधेरी सड़कों तथा साफ-सफाई की अव्यवस्था पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि भारी वाहनों के नगर के भीतर आवागमन से संबंधित समस्या पर भी गंभीरता से विचार कर उचित व्यवस्था बनाई जानी चाहिए। प्रशासन को केवल आश्वासन देने के बजाय धरातल पर ठोस कार्रवाई करनी चाहिए।
पहले भी दी गई थी जानकारी, अब आंदोलन की चेतावनी
कांग्रेस नेताओं के अनुसार, नगर की इन समस्याओं के संबंध में पूर्व में भी मुख्य नगरपालिका अधिकारी को मौखिक और लिखित रूप से अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
शहर कांग्रेस कमेटी ने प्रशासन से 10 दिनों के भीतर समस्याओं का निराकरण करने की मांग की है। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समय में उचित कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्रीय विधायक एवं जनप्रतिनिधियों के नेतृत्व में जन आंदोलन किया जाएगा। अब देखना होगा कि प्रशासन इन मांगों पर कितनी गंभीरता से कार्रवाई करता है और नगरवासियों को मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं से कब तक राहत मिलती है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान ये रहे उपस्थित
इस दौरान नागेन्द्र गुप्ता, सेवक देवांगन, तमेंद्र देवांगन, अनिल रात्रे, पवन आर्य जिब्बु, दुर्गा कुर्रे, पुरुषोत्तम देवांगन, ललित देवांगन, गिरधर देवांगन, पवन साहू, राज अग्रवाल, शांति सोनी, समिष्ठा कंसारी, लता श्रीवास, अनीता प्रकाश, स्वाति बंसियार, श्याम बाई, भालचंद तिवारी, समद बेग, हरदयाल कंवर, डुग्गू प्रधान, रंजन केवंत, पुनीराम देवांगन, राकेश जोशी, राजू शर्मा, भागीरथी दुबे, शैलेश शर्मा, बलबीर सिंह, एकांश तिवारी, हाशिम खान, एम.डी. अंसारी, गजेंद्र देवांगन, संतोष चंद, गोविंद देवांगन, रमेश, ओम देवांगन, हरीश श्रीवास, साहिल सौदागर, संजय साधवानी, इकबाल अंसारी, विष्णु गाड़ा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
