Chhattisgarh

शिक्षिका को हटाने की मांग को लेकर सड़क पर उतरे छात्र, प्राचार्य व शिक्षा विभाग से शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने का आरोप…

शक्ति। जिले के ग्राम पंचायत आड़िल स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर शासकीय स्कूल में पढ़ाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए स्कूली बच्चे सड़क पर उतर आए। आक्रोशित विद्यार्थियों ने सड़क पर जाम लगाकर अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की और संबंधित शिक्षिका को हटाने की मांग की।

बच्चों का आरोप है कि स्कूल में पदस्थ शिक्षिका चंद्रकला गबेल द्वारा पिछले करीब दो महीने से उन्हें नियमित रूप से पढ़ाया नहीं जा रहा है। विद्यार्थियों का यह भी आरोप है कि शिक्षिका द्वारा प्रोजेक्ट कार्य में नंबर काटने की धमकी दी जाती है।

छात्रों के मुताबिक, इस संबंध में उन्होंने स्कूल के प्राचार्य सहित जिला शिक्षा विभाग के अधिकारियों को लिखित शिकायत दी थी। शिकायत के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से विद्यार्थियों में नाराजगी बढ़ गई। आखिरकार सोमवार को बड़ी संख्या में छात्र सड़क पर उतर आए और रोड जाम कर दिया।

विद्यार्थियों की मांग है कि शिक्षिका चंद्रकला गबेल को तत्काल स्कूल से हटाकर किसी अन्य शिक्षक की नियुक्ति की जाए, ताकि उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो।

सड़क जाम की सूचना के बाद मौके पर संबंधित अधिकारी पहुंचे और विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। अब देखना होगा कि शिक्षा विभाग बच्चों की शिकायत को कितनी गंभीरता से लेता है और मामले की जांच के बाद संबंधित शिक्षिका के विरुद्ध क्या कार्रवाई की जाती है।

बच्चों की पढ़ाई से जुड़ा मामला होने के कारण अब शिक्षा विभाग की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button