मोबाइल पर दोस्ती, प्यार का झांसा और अनाचार… चांपा पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार…


चांपा- 24 जुलाई 2026
मोबाइल पर बातचीत के जरिए एक महिला को दोस्ती और प्यार के जाल में फंसाकर अनाचार करने तथा उसका आपत्तिजनक वीडियो बनाने के आरोप में चांपा पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी ने मोबाइल पर लगातार बातचीत कर उससे दोस्ती की और प्यार का विश्वास दिलाया। इसके बाद उसे सुनसान स्थान पर ले जाकर अनाचार किया तथा उसका आपत्तिजनक वीडियो भी बना लिया।
शिकायत के आधार पर थाना चांपा में अपराध क्रमांक 400/2026 के तहत धारा 69 बीएनएस (BNS) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कृष्ण राई (52 वर्ष), निवासी CSEB कॉलोनी, चांपा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार करने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
