सिनेमा हॉल में कर्मचारी को चाकू दिखाकर धमकाने वाला आरोपी गिरफ्तार, कोतवाली पुलिस की त्वरित कार्रवाई…


रिपोर्ट के चंद घंटों के भीतर आरोपी पकड़ा गया, कब्जे से धारदार चाकू बरामद…
जांजगीर। सिनेमा हॉल में शराब की बोतल फोड़ने से मना करने पर कर्मचारी से गाली-गलौज, मारपीट और चाकू से हमला करने की धमकी देने के मामले में सिटी कोतवाली जांजगीर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक नग लोहे का धारदार चाकू भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 05 सितंबर 2026 की रात करीब 9:45 बजे जांजगीर स्थित सिनेमा हॉल में आरोपी अनिकेत राठौर (21 वर्ष), पिता संपत राठौर, निवासी बी.डी. महंत नगर जांजगीर पहुंचा था। आरोप है कि उसने सिनेमा हॉल के अंदर अपने पास रखी शराब की बोतल को वॉशरूम के पास फोड़ दिया।
इस दौरान सिनेमा हॉल के कर्मचारी ने उसे ऐसा करने से मना किया। इससे नाराज होकर आरोपी कथित तौर पर कर्मचारी से गाली-गलौज करने लगा और जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्के से मारपीट करने लगा। आरोप है कि इसके बाद उसने कमर में रखा चाकू निकाल लिया और कर्मचारी पर हमला करने के लिए दौड़ा।
मामले में बीच-बचाव करने पहुंचे प्रार्थी आयुष बजाज, निवासी बी.डी. महंत मोहल्ला जांजगीर, के साथ भी आरोपी द्वारा गाली-गलौज किए जाने का आरोप है। घटना के बाद प्रार्थी ने सिटी कोतवाली थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 684/2026 के तहत धारा 296, 115(2), 351(3) बीएनएस एवं 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
घर पर दबिश देकर आरोपी को पकड़ा
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल आरोपी की तलाश शुरू की। रिपोर्ट दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर पुलिस टीम ने आरोपी के घर पर दबिश दी, जहां वह मौजूद मिला।
पुलिस द्वारा पूछताछ किए जाने पर आरोपी द्वारा घटना में अपना अपराध स्वीकार किए जाने की बात कही गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 01 नग लोहे का धारदार चाकू बरामद कर जब्त किया।
आरोपी अनिकेत राठौर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इनकी रही विशेष भूमिका
पूरी कार्रवाई में सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, प्रधान आरक्षक राकेश राठौर, तोरन डहरिया एवं दिलीप सिंह का विशेष योगदान रहा।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से स्पष्ट है कि सार्वजनिक स्थान पर उपद्रव, हथियार लेकर धमकाने और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई कर रही है।

