मेहंदीपारा में पहली बार महिला कमांडो का गठन, नशामुक्ति और स्वच्छता का दिया संदेश…


पुलिस प्रशासन ने चलाया जनजागरूकता अभियान, रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने का भी दिया भरोसा।।
चांपा। नशे के दुष्प्रभावों और अवैध नशे के कारोबार से लोगों को दूर रखने तथा समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से चांपा पुलिस द्वारा 17 सितंबर 2026 को मेहंदीपारा में विशेष जनजागरूकता एवं सामुदायिक सहभागिता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नगरीय क्षेत्र में पहली बार महिला कमांडो का गठन किया गया।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष प्रदीप नामदेव, उपाध्यक्ष अमरदीप खटकर, चांपा सेवा संस्थान के पुरुषोत्तम शर्मा, पार्षद, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी शामिल हुए।
नशे से दूर रहने का दिया संदेश
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने मेहंदीपारा एवं आसपास के नागरिकों से संवाद किया। लोगों को नशे के सेवन और अवैध कारोबार से दूर रहने, परिवार एवं समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने तथा स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस प्रशासन ने कहा कि नशे के कारण होने वाले सामाजिक एवं पारिवारिक दुष्प्रभावों को रोकने के लिए पुलिस के साथ समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
शहरी क्षेत्र में पहली बार महिला कमांडो का गठन
जांजगीर-चांपा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में पहले से महिला कमांडो का गठन किया जा चुका है। इसी क्रम में अब शहरी क्षेत्र में पहली बार महिला कमांडो का गठन किया गया। महिला कमांडो स्थानीय स्तर पर सामाजिक जागरूकता और नशामुक्ति अभियान में सहभागिता करेंगी।
कार्यक्रम के दौरान महिला कमांडो एवं स्थानीय नागरिकों की सहभागिता से मेहंदीपारा और आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। इसके माध्यम से स्वच्छता के साथ सामाजिक जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता का संदेश दिया गया।
नशे का कारोबार छोड़ने वालों को रोजगार से जोड़ने की पहल
पुलिस प्रशासन ने ऐसे लोगों को सम्मानजनक एवं वैकल्पिक आजीविका से जोड़ने की दिशा में पहल करने की बात कही, जो नशे के कारोबार से दूर होकर रोजगार या व्यवसाय अपनाना चाहते हैं। उनकी रुचि और हुनर के अनुसार रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा शासन की योजनाओं और स्वरोजगार कार्यक्रमों से जोड़ने के लिए कलेक्टर के माध्यम से आवश्यक सहायता दिलाने का भरोसा दिलाया गया।
नशे के खिलाफ सहयोग की अपील
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की कि नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में सक्रिय सहयोग करें। नशे के अवैध कारोबार की जानकारी पुलिस को दें तथा युवाओं को नशे से दूर रखते हुए उन्हें शिक्षा, रोजगार, खेल एवं अन्य सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने में अपनी भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम का समापन “नशामुक्त समाज–स्वस्थ समाज” की दिशा में मेहंदीपारा को एक आदर्श मोहल्ला बनाने के संकल्प के साथ हुआ।
