Chhattisgarh

महिला थाना जांजगीर बना महिलाओं का भरोसा, 14 मामलों में 19 आरोपी गिरफ्तार, 61 बिखरे परिवार फिर से एक हुए…

जांजगीर-चांपा, 7 जुलाई 2026। जिले में महिलाओं की सुरक्षा और उन्हें त्वरित न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अप्रैल 2026 में शुरू किए गए महिला थाना जांजगीर का सकारात्मक प्रभाव अब स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। महिला थाना की सक्रिय कार्यशैली और संवेदनशील पुलिसिंग के चलते पीड़ित महिलाएं अब सीधे महिला थाना पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज करा रही हैं, जिससे मामलों में तेजी से कार्रवाई हो रही है।

पुलिस के अनुसार, महिला थाना शुरू होने के बाद अब तक महिलाओं से जुड़े 14 अपराध दर्ज किए गए हैं। सभी मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए 19 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की गई है। महिला थाना शुरू होने के बाद जिले के अन्य थाना एवं चौकियों में महिला संबंधी शिकायतों का दबाव भी कम हुआ है।

आंकड़ों के अनुसार, 1 अप्रैल 2025 से 30 जून 2025 के बीच जिले में महिलाओं से संबंधित 39 प्रकरण दर्ज हुए थे, जबकि 1 अप्रैल 2026 से 30 जून 2026 तक यह संख्या 31 रही। पुलिस का कहना है कि अब अधिकांश महिलाएं सीधे महिला थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज करा रही हैं, जिससे शिकायतों का त्वरित निराकरण और बेहतर सहायता सुनिश्चित हो रही है।

परिवार परामर्श केंद्र की पहल से 61 परिवार फिर हुए एक
महिला थाना के साथ संचालित महिला परिवार परामर्श केंद्र भी पारिवारिक विवादों के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। जनवरी 2026 से अब तक केंद्र में 268 पारिवारिक विवादों की शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 193 मामलों का सफलतापूर्वक निराकरण किया गया। इनमें 61 मामलों में पति-पत्नी के बीच आपसी सहमति से समझौता कराकर बिखरते परिवारों को फिर से एक किया गया, जिससे कई परिवारों और बच्चों का भविष्य सुरक्षित हुआ।

महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
जांजगीर-चांपा पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और त्वरित न्याय सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रत्येक शिकायत पर संवेदनशीलता के साथ तत्काल कार्रवाई की जा रही है तथा जरूरतमंद महिलाओं को कानूनी सहायता और आवश्यक परामर्श भी उपलब्ध कराया जा रहा है।

मुख्य बिंदु:
14 महिला अपराधों में 19 आरोपी गिरफ्तार।
महिला थाना शुरू होने के बाद शिकायतों के त्वरित निराकरण में तेजी।
परिवार परामर्श केंद्र ने 193 विवादों का समाधान किया।
61 बिखरे परिवारों को दोबारा मिलाने में मिली सफलता।
महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को लेकर पुलिस की सक्रिय पहल जारी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button