सड़क सुरक्षा से साइबर सुरक्षा तक… लायंस स्कूल चांपा में यातायात पुलिस ने विद्यार्थियों को किया जागरूक…


लायंस स्कूल चांपा में यातायात पुलिस ने विद्यार्थियों को सिखाए सड़क सुरक्षा के नियम, साइबर अपराधों से बचाव की भी दी जानकारी
राहवीर योजना के प्रति किया जागरूक, सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करने वालों को मिल सकती है ₹25 हजार तक की प्रोत्साहन राशि…
चांपा। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा यातायात पुलिस द्वारा जिले में जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार, 27 अक्टूबर 2026 को थाना चांपा क्षेत्र के लायंस स्कूल में यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को यातायात नियमों के पालन, साइबर अपराधों से बचाव और राहवीर योजना के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में यातायात निरीक्षक सुभाष चौबे ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर सड़क दुर्घटना का कारण बन सकती है।
नाबालिग वाहन न चलाएं, हेलमेट पहनना जरूरी
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को समझाया गया कि नाबालिगों को वाहन नहीं चलाना चाहिए। मोटरसाइकिल पर तीन सवारी बैठाकर चलने से बचें, दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें तथा तेज गति से वाहन न चलाएं। यातायात नियमों का पालन करने से न केवल स्वयं की, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा भी सुनिश्चित होती है।
निरीक्षक सुभाष चौबे ने विद्यार्थियों से यातायात नियमों को अपनी दिनचर्या में शामिल करने और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की।
राहवीर योजना की दी जानकारी
कार्यक्रम में सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों की मदद करने के लिए केंद्र सरकार की राहवीर योजना के संबंध में भी जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि दुर्घटना में घायल व्यक्ति को समय पर नजदीकी अस्पताल पहुंचाने में मदद करना किसी की जान बचाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।
योजना के तहत पात्र राहवीरों को निर्धारित शर्तों के अनुसार ₹25,000 तक की प्रोत्साहन राशि प्रदान किए जाने का प्रावधान है। इसका उद्देश्य दुर्घटना में घायल लोगों को शीघ्र चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना और मदद के लिए आगे आने वाले नागरिकों को प्रोत्साहित करना है। साथ ही, योजना में निर्धारित सुरक्षा प्रावधानों के तहत मददगार नागरिकों को अनावश्यक कानूनी परेशानियों से बचाने का भी उद्देश्य है।
साइबर अपराध और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के बताए तरीके
यातायात जागरूकता के साथ-साथ छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों के प्रति भी सचेत किया गया। उन्हें ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने, सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने तथा अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने और अपनी निजी जानकारी, पासवर्ड एवं ओटीपी किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी गई।
पुलिस ने विद्यार्थियों को जागरूक नागरिक बनने और किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि के प्रति सतर्क रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में सड़क सुरक्षा की समझ विकसित करने के साथ उन्हें साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करना रहा।
