Chhattisgarh

चक्रवाती तूफान का असर: 27 से 29 अक्टूबर तक बारिश की संभावना, अलर्ट मोड पर जिला प्रशासन…

कलेक्टर जन्मेजय महोबे और एसपी विजय कुमार पांडेय ने तैयारियों की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश; शिवरीनारायण सहित महानदी-हसदेव नदी तटवर्ती क्षेत्रों पर रहेगी विशेष नजर…

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान के प्रभाव से 27 से 29 अक्टूबर 2026 तक बारिश होने की संभावना को देखते हुए जांजगीर-चांपा जिला प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। संभावित वर्षा और उससे उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों से निपटने के लिए कलेक्टर जन्मेजय महोबे एवं पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए।


आपदा प्रबंधन नियंत्रण कक्ष सक्रिय रखने के निर्देश
बैठक में कलेक्टर एवं एसपी ने अधिकारियों को मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखने तथा जरूरत पड़ने पर तत्काल आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। जिला एवं तहसील स्तर पर आपदा प्रबंधन नियंत्रण कक्ष को सक्रिय रखने के साथ ही संबंधित विभागों को अपने मैदानी अमले के साथ निरंतर संपर्क और समन्वय बनाए रखने को कहा गया। नगरीय निकायों एवं ग्राम पंचायतों को संभावित जलभराव से निपटने के लिए पहले से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।


शिवरीनारायण और नदी तटवर्ती क्षेत्रों पर विशेष निगरानी
संभावित बारिश को देखते हुए शिवरीनारायण सहित महानदी एवं हसदेव नदी के आसपास के क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। स्थानीय नागरिकों को मुनादी के माध्यम से मौसम की स्थिति और सुरक्षा संबंधी सावधानियों की जानकारी देने तथा नदी किनारे एवं निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क करने पर जोर दिया गया।


बांधों से पानी छोड़े जाने की स्थिति में तत्काल सूचना साझा करने के निर्देश
बैठक में गंगरेल एवं बांगो बांध से पानी छोड़े जाने की संभावित स्थिति को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभागों को समय पर सूचना साझा करने और आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए। जिला आपदा राहत बल (DDRF) को आवश्यक संसाधनों एवं तैयारियों के साथ सतर्क रहने तथा राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) के साथ समन्वय बनाए रखने को कहा गया, ताकि जरूरत पड़ने पर राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू किए जा सकें।


प्रशासन की नागरिकों से अपील
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे मौसम विभाग एवं प्रशासन द्वारा जारी सूचनाओं पर ध्यान दें, अनावश्यक रूप से नदी किनारे और जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें तथा सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें। संभावित मौसम परिवर्तन को देखते हुए सतर्कता बरतने और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन को सहयोग करने की अपील की गई है।
बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती स्निग्धा तिवारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button