पुलिस स्मृति दिवस पर वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि, शहीद परिवारों का शॉल-श्रीफल से सम्मान…


जांजगीर-चांपा पुलिस लाइन में आयोजित हुआ स्मृति दिवस कार्यक्रम, एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने 154 शहीद पुलिसकर्मियों के नामों का किया वाचन…
जांजगीर-चांपा। देश की आंतरिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिस जवानों की स्मृति में बुधवार, 21 अक्टूबर को पुलिस लाइन खोखरा-भांठा, जांजगीर में पुलिस स्मृति दिवस मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित स्मृति दिवस परेड में पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने शहीदों को सलामी देकर श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में जांजगीर-चांपा एवं शक्ति जिले के शहीद पुलिसकर्मियों के परिजन भी शामिल हुए। वीर जवानों के बलिदान को याद करते हुए उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने उनके परिवारों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की।
एसपी ने 154 शहीद पुलिसकर्मियों के नामों का किया वाचन-
पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) ने देशभर में 1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 के बीच कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए 154 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के नामों का वाचन किया। इसके बाद शहीदों की सूची शहीद स्मारक पर रखी गई तथा पुलिस जवानों ने शोक शस्त्र की कार्रवाई कर वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
यह अवसर उन वीर जवानों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण को स्मरण करने का रहा, जिन्होंने देश की सुरक्षा और नागरिकों की रक्षा के लिए अपने जीवन तक की परवाह नहीं की।
1959 की शहादत की स्मृति में मनाया जाता है पुलिस स्मृति दिवस
उल्लेखनीय है कि 21 अक्टूबर 1959 को भारत-चीन सीमा के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में मातृभूमि की रक्षा करते हुए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के 10 वीर जवानों ने सर्वोच्च बलिदान दिया था। उन्हीं वीर जवानों की शहादत को याद करने और देशभर के कर्तव्यपालन के दौरान शहीद हुए पुलिसकर्मियों के प्रति सम्मान व्यक्त करने के लिए प्रतिवर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है।
जांजगीर-चांपा और शक्ति के शहीद परिवारों का सम्मान
कार्यक्रम का महत्वपूर्ण हिस्सा शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों का सम्मान रहा। सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, कलेक्टर जनमेजय महोबे एवं पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने जांजगीर-चांपा तथा शक्ति जिले के शहीद पुलिसकर्मियों के परिवारों को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।
जांजगीर-चांपा जिले के शहीद प्रआर. श्री रामशंकर पाण्डेय, आरक्षक श्री रामकुमार कश्यप, उपनिरीक्षक श्री लोकेश टंडन, आरक्षक श्री समय लाल कश्यप एवं उपनिरीक्षक श्री रुद्रप्रताप सिंह के परिजनों को सम्मानित किया गया।
इसी क्रम में शक्ति जिले के शहीद उपनिरीक्षक श्री दीपक भारद्वाज, आरक्षक श्री मनोहर लाल चंद्रा, आरक्षक श्री मनोज कुमार बरेठ एवं आरक्षक श्री कमलेश कुमार साहू के परिवारों का भी सम्मान किया गया।
अधिकारियों ने शहीद परिवारों से आत्मीय चर्चा कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। इस दौरान शहीद परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उनके योगदान और त्याग को नमन किया गया।
पुलिस बल के बलिदान को किया गया नमन
पुलिस स्मृति दिवस केवल शहीद जवानों को याद करने का अवसर नहीं, बल्कि उनके परिवारों के प्रति सम्मान, संवेदना और कृतज्ञता व्यक्त करने का भी दिन है। पुलिसकर्मी कठिन परिस्थितियों में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए समाज की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं। उनका साहस, अनुशासन और सर्वोच्च बलिदान देश के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
कार्यक्रम में 11वीं बटालियन पुटपुरा, जांजगीर के सेनानी विमल बैस, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शक्ति पंकज पटेल, डीएसपी मुख्यालय जांजगीर विजय कुमार पैकरा, एसडीओपी चांपा लौकेश बंसल, सीएसपी जांजगीर श्रीमती योगिताबाली खापर्डे, जिला सेनानी श्रीमती योगिता साहू, रक्षित निरीक्षक प्रदीप कुमार जोशी, मुख्य लिपिक दिनेश शर्मा, स्थापना प्रभारी कृष्ण साहू, साइबर थाना प्रभारी भास्कर शर्मा, कोतवाली जांजगीर प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
वीर शहीदों का बलिदान अमर है। उनकी कर्तव्यनिष्ठा, साहस और देश के प्रति समर्पण सदैव राष्ट्र को प्रेरणा देता रहेगा।
