चांपा में आज सजेगी दशहरे की भव्य शाम: 50 फीट के रावण के साथ होगा कुम्भकरण और मेघनाथ का दहन, जयाप्रदा और अनुज की प्रस्तुति रहेगी खास …


चांपा। बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की विजय के प्रतीक विजयादशमी पर्व पर चांपा नगर में मंगलवार, 20 अक्टूबर को भव्य दशहरा उत्सव का आयोजन किया जाएगा। स्थानीय भालेराव मैदान में आयोजित होने वाले इस उत्सव को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस बार विशालकाय रावण दहन के साथ रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, आकर्षक आतिशबाजी और कलाकारों की प्रस्तुतियां दर्शकों के लिए खास आकर्षण रहेंगी।
50 फीट का रावण, 35 फीट का कुंभकरण और 30 फीट का मेघनाथ- इस वर्ष दशहरा उत्सव में करीब 50 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। इसके साथ 35 फीट के कुंभकरण और 30 फीट के मेघनाथ के पुतले भी जलाए जाएंगे। आधुनिक रिमोट कंट्रोल तकनीक से पुतला दहन और रंग-बिरंगी आतिशबाजी कार्यक्रम को और आकर्षक बनाएगी।
जयाप्रदा और अनुज शर्मा की प्रस्तुति रहेगी खास आकर्षण- दशहरा महोत्सव में फिल्म अभिनेत्री जयाप्रदा की मौजूदगी और छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय कलाकार अनुज शर्मा का नाइट शो दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहेगा। भगवान श्रीराम के राम दरबार की भव्य झांकी के साथ विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे। धार्मिक आस्था और मनोरंजन से सजे इस आयोजन को लेकर नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में उत्साह का माहौल है।
सुरक्षा के लिए सीसीटीवी और ड्रोन से निगरानी- आयोजन को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस बल एवं स्वयंसेवकों की तैनाती की जाएगी। आयोजन स्थल पर सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखने की व्यवस्था की गई है, ताकि भीड़ प्रबंधन के साथ सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी जा सके।
घर बैठे भी देख सकेंगे दशहरा उत्सव- जो लोग किसी कारणवश भालेराव मैदान नहीं पहुंच पाएंगे, उनके लिए भी आयोजन देखने की व्यवस्था की जा रही है। मैदान के बाहर एलईडी स्क्रीन लगाने के साथ यूट्यूब, फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कार्यक्रम के लाइव प्रसारण की योजना है। इससे नगर के बाहर रहने वाले लोग भी चांपा के दशहरा उत्सव से जुड़ सकेंग
परंपरा और आधुनिकता का दिखेगा संगम- चांपा का दशहरा उत्सव धार्मिक परंपरा, सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक तकनीक के संगम के रूप में आयोजित किया जा रहा है। रावण, कुंभकरण और मेघनाथ के पुतलों का दहन बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश देगा। आयोजन को लेकर नगरवासियों में उत्सुकता है
