अपराध पर जीरो टॉलरेंस: एसपी विजय कुमार पाण्डेय का सख्त संदेश, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी तेज करने के निर्देश…


जांजगीर-चांपा, 10 जुलाई 2026। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने शुक्रवार को पुलिस लाइन जांजगीर में जनरल परेड का निरीक्षण करने के बाद जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों की अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में लंबित अपराधों के निराकरण, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, अवैध शराब, जुआ-सट्टा तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई के लिए सख्त निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया कि फरियादियों की शिकायतों पर तत्काल, निष्पक्ष एवं संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री, जुआ-सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही निगरानीशुदा एवं गुंडा-बदमाशों पर लगातार नजर रखते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर बम्हनीडीह थाना प्रभारी दिलीप सिंह को उनके क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री पर प्रभावी कार्रवाई नहीं करने के कारण कड़ी फटकार लगाई गई। वहीं नैला चौकी प्रभारी रंजीत कंवर को रात्रि गश्त में लापरवाही तथा आपराधिक तत्वों के विरुद्ध अपेक्षित कार्रवाई नहीं करने पर सख्त चेतावनी दी गई।
वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों को सम्मानित भी किया गया। अकलतरा थाना प्रभारी भास्कर शर्मा को हाल ही में पाकिस्तान समर्थित स्लीपर सेल के एक सदस्य की गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने पर विशेष रूप से सराहा गया। वहीं शिवरीनारायण थाना प्रभारी कृष्ण पाल सिंह को एक गंभीर आपराधिक प्रकरण के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
बैठक के अंत में एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने स्पष्ट संदेश दिया कि जिले में अपराध, अवैध कारोबार और असामाजिक गतिविधियों के प्रति पुलिस की नीति पूरी तरह ‘जीरो टॉलरेंस’ की रहेगी। बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों को सम्मानित किया जाएगा, जबकि लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अपराध समीक्षा बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार, डीएसपी मुख्यालय विजय पैकरा, एसडीओपी अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी, सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे, डीएसपी अजाक सतरूपा तारम सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।


