राष्ट्रीय वृद्ध दिवस पर वृद्धाश्रम में पहुंचा नागरिक सुरक्षा वेलफेयर फाउंडेशन, बुजुर्गों के बीच बांटी अपनत्व की खुशियां…


जांजगीर-चाम्पा। राष्ट्रीय वृद्ध दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ नागरिक सुरक्षा वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश करते हुए जांजगीर-चाम्पा जिले के तपसी बाबा केरझरिया, चाम्पा स्थित वृद्धाश्रम में पहुंचकर वहां निवासरत बुजुर्गों से मुलाकात की गई। इस दौरान पदाधिकारियों ने वृद्धजनों से आत्मीय बातचीत कर उनका हालचाल जाना और सम्मान करते हुए उनके साथ समय बिताया।
कार्यक्रम फाउंडेशन की संस्थापिका एवं प्रदेश अध्यक्ष आरुति सिंह एवं प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने वृद्धजनों के साथ बातचीत करते हुए उनके जीवन के अनुभवों को सुना तथा उन्हें सम्मान और अपनत्व का अहसास कराया।
इस अवसर पर जिला संरक्षक एवं यातायात प्रभारी (टीआई) सुभाष चौबे, संरक्षक संगीता विनोद तिवारी, महिला प्रदेश महासचिव मंजूषा पाटले, जिला अध्यक्ष धीरज राठौर, महिला जिला अध्यक्ष वीणा साहू, कार्यकारी अध्यक्ष सुभाष शर्मा, जिला उपाध्यक्ष अनिल सोनी एवं गीता मोदी सहित फाउंडेशन के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
फाउंडेशन के सदस्यों ने कहा कि बुजुर्ग समाज और परिवार की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव और जीवन संघर्ष नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक हैं। राष्ट्रीय वृद्ध दिवस जैसे अवसर समाज को वृद्धजनों के प्रति सम्मान, संवेदना और जिम्मेदारी का संदेश देते हैं।
वृद्धाश्रम में आयोजित इस आत्मीय मुलाकात के दौरान बुजुर्गों के चेहरों पर भी खुशी नजर आई। फाउंडेशन के सदस्यों ने भविष्य में भी जरूरतमंद एवं बुजुर्गों के बीच पहुंचकर सामाजिक सेवा से जुड़े कार्य करते रहने की बात कही।
