Chhattisgarh

मोदी के जन्मदिन को ‘सेवा संकल्प’ नहीं, बेरोजगारी-महंगाई के मुद्दों पर विरोध दिवस के रूप में मनाया जाये- राजेश अग्रवाल…

जांजगीर-चांपा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने भाजपा सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल को लेकर कई सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन को ‘सेवा और समर्पण’ के बजाय बेरोजगारी, महंगाई, वादाखिलाफी और किसान मुद्दों को लेकर विरोध दिवस के रूप में मनाया जाना चाहिए।

राजेश अग्रवाल ने आरोप लगाया कि देश की जनता महंगाई, बेरोजगारी और सरकार के कथित तौर पर अधूरे वादों से परेशान है। उन्होंने कहा कि 100 दिनों में महंगाई कम करने और हर वर्ष 2 करोड़ रोजगार देने जैसे वादे पूरे नहीं हुए हैं।

नोटबंदी और जीएसटी को लेकर भी उठाए सवाल-
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने नोटबंदी और जीएसटी व्यवस्था को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उनका कहना है कि इन फैसलों का छोटे व्यापारियों, एमएसएमई और मध्यम वर्गीय कारोबार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा। उन्होंने रुपये की स्थिति और देश की आर्थिक चुनौतियों को लेकर भी केंद्र सरकार से जवाब मांगा।

किसानों के मुद्दे पर सरकार को घेरा-
कांग्रेस नेता ने किसानों से जुड़े वादों का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों के अनुरूप एमएसपी और किसानों की आय दोगुनी करने के मुद्दे पर सरकार को जवाब देना चाहिए। उन्होंने किसानों और मजदूरों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर भी भाजपा सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए।

छत्तीसगढ़ में ‘मोदी की गारंटी’ पर सवाल-
राजेश अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ में भाजपा द्वारा किए गए चुनावी वादों का उल्लेख करते हुए महतारी वंदन योजना, 500 रुपये में गैस सिलेंडर, धान के 3100 रुपये भुगतान और एक लाख सरकारी नौकरियों जैसे मुद्दों पर सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि इन मुद्दों पर जनता से किए गए वादे पूरी तरह से जमीन पर नहीं उतर पाए हैं।

प्रधानमंत्री से पूछे कई सवाल-
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कई सवाल पूछते हुए कहा कि जनता इनका जवाब चाहती है। उन्होंने ‘अच्छे दिन’ के वादे, युवाओं को रोजगार, चुनावी वादों और ‘मोदी की गारंटी’ के साथ-साथ महंगाई, शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था की स्थिति को लेकर सरकार से जवाब मांगा।

राजेश अग्रवाल ने कहा कि जनता अब केवल दावों और विज्ञापनों के आधार पर प्रभावित होने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में सरकार की ओर से किए गए विभिन्न दावों और वादों के बावजूद देश की जनता को आर्थिक, सामाजिक और रोजमर्रा की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस इन मुद्दों को लगातार जनता के बीच उठाती रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button