शासकीय हाई स्कूल मैदान में होगा जिला स्तरीय समारोह, मंत्री गुरु खुशवंत साहेब फहराएंगे तिरंगा…


स्वतंत्रता दिवस को लेकर जांजगीर में तैयारियां तेज, कलेक्टर-एसपी ने लिया जायजा…
जांजगीर-चांपा। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस को लेकर जांजगीर-चांपा जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आगामी 15 अगस्त को जिला मुख्यालय जांजगीर के शासकीय हाई स्कूल मैदान में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय समारोह को लेकर कलेक्टर जन्मेजय महोबे एवं पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने बुधवार को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
मंत्री गुरु खुशवंत साहेब होंगे मुख्य अतिथि-
जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा, रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। मुख्य अतिथि द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा और इसके बाद परेड की सलामी ली जाएगी। समारोह में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का प्रदेशवासियों के नाम संदेश का वाचन भी किया जाएगा।
सुरक्षा से लेकर पार्किंग तक व्यवस्थाओं की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर और एसपी ने समारोह स्थल पर मंच, बैठक व्यवस्था, परेड, बेरिकेडिंग, ध्वजारोहण स्थल, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और पार्किंग की व्यवस्थाओं को देखा। इसके साथ ही साफ-सफाई, विद्युत एवं पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की भी जानकारी ली गई।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमापूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
वहीं पुलिस अधीक्षक ने समारोह के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
🌱 पुलिस लाइन में होगा वृक्षारोपण कार्यक्रम
कलेक्टर-एसपी ने पुलिस लाइन जांजगीर में आयोजित होने वाले वृक्षारोपण कार्यक्रम की तैयारियों का भी निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत विनय कुमार पोयाम, एसडीएम जांजगीर सुब्रत प्रधान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
15 अगस्त को जांजगीर में होने वाला जिला स्तरीय समारोह देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना के साथ भव्य एवं गरिमापूर्ण ढंग से आयोजित किया जाएगा।
