पहले बेच चुका था जमीन, फिर फर्जी दस्तावेजों से दोबारा कर दिया सौदा, चांपा पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल…


6 लाख रुपये से अधिक में जमीन का किया था सौदा, नामांतरण के दौरान खुला फर्जीवाड़ा; BNS की धाराओं में हुई कार्रवाई.
जांजगीर-चांपा। पहले से बेची जा चुकी जमीन को दोबारा बेचकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में चांपा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर पूर्व में बेची जा चुकी भूमि की दोबारा रजिस्ट्री कराकर शिकायतकर्ता से लाखों रुपये हासिल किए थे।
पुलिस ने आरोपी रामगोपाल यादव उर्फ ननकीदाऊ (58 वर्ष), निवासी जगदल्ला चांपा के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 336, 338 एवं 340(2) के तहत कार्रवाई की है।
6 लाख 350 रुपये में हुआ था जमीन का सौदा-
पुलिस के अनुसार, कोटाडबरी निवासी गौकरण पटेल ने 4 जून 2026 को थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि रामगोपाल यादव ने अपनी नाम दर्ज भूमि का सौदा 6 लाख 350 रुपये में किया था। इसके लिए तहसील कार्यालय चांपा में 100 रुपये के स्टाम्प पर इकरारनामा तैयार किया गया।
सौदे के दौरान शिकायतकर्ता ने आरोपी को 50 हजार रुपये नगद अग्रिम दिए, जबकि बाद में 5 लाख रुपये चेक के माध्यम से आरोपी और उसके पुत्र को दिए गए। इसके बाद उक्त भूमि की रजिस्ट्री शिकायतकर्ता की पत्नी के नाम करा दी गई।
नामांतरण के दौरान सामने आया पुराना सौदा
भूमि के नामांतरण की प्रक्रिया के दौरान मामले का खुलासा हुआ। जांच में पता चला कि जिस जमीन को आरोपी ने शिकायतकर्ता की पत्नी के नाम रजिस्ट्री किया था, उसे वह वर्ष 1996 में ही ग्राम कोसमंदा निवासी व्यक्ति को बेच चुका था।
पुलिस के मुताबिक वर्ष 1996 में भूमि की बिक्री के बाद नामांतरण नहीं होने का आरोपी ने फायदा उठाया। आरोप है कि उसने दस्तावेजों में कूटरचना कर भूमि की दूसरी प्रति हासिल की और उसी जमीन को दोबारा बेचकर रजिस्ट्री करा दी।
दस्तावेजी साक्ष्यों से फर्जीवाड़ा हुआ प्रमाणित-
शिकायत के आधार पर थाना चांपा में अपराध क्रमांक 286/2026 दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। विवेचना के दौरान गवाहों के बयान और दस्तावेजी साक्ष्यों की जांच की गई। पुलिस के अनुसार आरोपी द्वारा फर्जी दस्तावेज तैयार कर पूर्व में बेची जा चुकी भूमि को दोबारा बेचने की पुष्टि हुई।
पुलिस ने किसान पुस्तिका सहित संबंधित दस्तावेज जब्त किए और प्रकरण में अतिरिक्त धाराएं जोड़ीं। इसके बाद आरोपी रामगोपाल यादव उर्फ ननकीदाऊ को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव, उप निरीक्षक भुवनेश्वर राठौर, प्रशिक्षु उप निरीक्षक निकिता साहू, गोपी सिंह, रूकसाना बानों, आरक्षक मुद्रिका दुबे, प्रकाश द्विवेदी, वीरेश सिंह सहित थाना चांपा के समस्त स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
