Chhattisgarh

₹1 करोड़ का लोन दिलाने का झांसा देकर ₹10.87 लाख की ठगी, इंदौर से आरोपी गिरफ्तार…

फर्जी लोन स्वीकृति पत्र और बैंक के फर्जी हस्ताक्षर दिखाकर बनाया भरोसा, चांपा पुलिस की बड़ी कार्रवाई…

जांजगीर-चांपा, 3 अगस्त 2026। यूको बैंक से ₹1 करोड़ का लोन स्वीकृत कराने का झांसा देकर ₹10.87 लाख की ठगी करने वाले आरोपी को जांजगीर-चांपा पुलिस ने मध्यप्रदेश के इंदौर से गिरफ्तार किया है। आरोपी फर्जी लोन स्वीकृति पत्र, बैंक के मोनो और फर्जी हस्ताक्षरों का इस्तेमाल कर लोगों को अपने जाल में फंसाता था। थाना चांपा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय IPS के निर्देशन, ASP डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन तथा SDOP चांपा लौकेश बंसल के नेतृत्व में की गई।

अखबार के माध्यम से हुई थी आरोपी से पहचान-

पुलिस के अनुसार, शिवनगर चांपा निवासी आशुतोष अग्रवाल ने 16 जून 2025 को थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वर्ष 2022 में उनकी पहचान अखबार के माध्यम से कुलदीप वशिष्ठ से हुई थी। आरोपी ने स्वयं को बैंकिंग कार्यों से जुड़ा व्यक्ति बताते हुए यूको बैंक से ₹1 करोड़ का लोन स्वीकृत कराने का भरोसा दिलाया।

आरोपी ने लोन स्वीकृति के नाम पर पहले ₹5 लाख की फिक्स डिपॉजिट तथा करीब ₹5 से ₹6 लाख अतिरिक्त खर्च होने की बात कही। विश्वास कायम करने के लिए आरोपी ने फर्जी लोन स्वीकृति पत्र, बैंक का मोनो और फर्जी हस्ताक्षर भी दिखाए।

अलग-अलग माध्यमों से लिए ₹10.87 लाख

आरोपी की बातों पर भरोसा कर प्रार्थी ने उसे अलग-अलग माध्यमों से रकम का भुगतान किया। इसमें ₹1 लाख नकद, ₹25 हजार फोन-पे, ₹7 लाख आरटीजीएस तथा ₹2,54,285 रुपये विभिन्न किश्तों में ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए।
इस तरह आरोपी ने कुल ₹10,87,285 की धोखाधड़ी कर ली।

साइबर तकनीकी से इंदौर पहुंची पुलिस-

शिकायत के आधार पर थाना चांपा में अपराध क्रमांक 259/25, धारा 420 भादवि के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने साइबर तकनीकी सहायता से आरोपी की लोकेशन और उसके ठिकाने का पता लगाया।

इसके बाद थाना चांपा की पुलिस टीम मध्यप्रदेश के इंदौर पहुंची और आरोपी कुलदीप वशिष्ठ को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया। ट्रांजिट रिमांड के माध्यम से आरोपी को चांपा लाया गया, जहां आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी-

कुलदीप वशिष्ठ, पिता स्व. दिनेश वशिष्ठ, उम्र 41 वर्ष, निवासी प्लैट नंबर 602, चिल्फी हाइट, भावनगर, साई बाबा मंदिर के पास, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, रायपुर; वर्तमान पता एलाईट अपेक्स, महालक्ष्मी नगर, थाना लसूड़िया, जिला इंदौर, मध्यप्रदेश।

पुलिस की अपील-
किसी भी व्यक्ति द्वारा बैंक से लोन स्वीकृत कराने के नाम पर कमीशन, फिक्स डिपॉजिट या अन्य शुल्क के लिए निजी खाते में राशि जमा कराने को कहा जाए तो पहले संबंधित बैंक से इसकी सत्यता की पुष्टि करें। फर्जी दस्तावेजों और बैंक के नाम का इस्तेमाल कर होने वाली धोखाधड़ी से सावधान रहें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button