13 लाख से अधिक के 26.8 किलो गांजे के साथ 2 महिलाओं समेत 4 तस्कर गिरफ्तार…


जांजगीर-चांपा-
जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिर्रा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 13 लाख रुपये से अधिक मूल्य के 26 किलो 800 ग्राम गांजा के साथ दो महिलाओं सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गांजा तस्करी में प्रयुक्त एक कार और पायलेटिंग में इस्तेमाल एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में बिर्रा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भटगांव की ओर से महानदी पुल पार कर बसंतपुर की तरफ एक कार में अवैध गांजा ले जाया जा रहा है, जिसकी पायलेटिंग एक मोटरसाइकिल सवार कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों वाहनों को रोककर जांच की।
एनडीपीएस एक्ट के तहत निर्धारित वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद कार की तलाशी लेने पर अलग-अलग पैकेटों में कुल 26.800 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद थाना बिर्रा में अपराध क्रमांक 99/2026 दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
विजय बघेल (22 वर्ष), निवासी ओडेकेरा, थाना जैजैपुर
उत्तम चन्द्रा (41 वर्ष), निवासी जैजैपुर, थाना जैजैपुर
भूरीबाई बघेल (55 वर्ष), निवासी देवरहटा, थाना हसौद, जिला सक्ती
सव्या शर्मा (28 वर्ष), निवासी पदमपुर रोड, सरायपाली, जिला महासमुंद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा, तस्करी में प्रयुक्त कार तथा पायलेटिंग में इस्तेमाल मोटरसाइकिल जब्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
