Chhattisgarh

होटल-लॉज संचालकों को एसपी की सख्त हिदायत, हर मेहमान का आईडी सत्यापन अनिवार्य…

जांजगीर-चांपा, 21 जुलाई 2026। जिले की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) ने मंगलवार को पुलिस कार्यालय जांजगीर के सभा कक्ष में जिले के होटल एवं लॉज संचालकों की बैठक लेकर आवश्यक सुरक्षा निर्देश दिए।

बैठक में एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि होटल या लॉज में ठहरने वाले प्रत्येक व्यक्ति का वैध पहचान पत्र (आईडी) अनिवार्य रूप से लिया जाए और उसका सत्यापन किया जाए। साथ ही सभी आगंतुकों का पूरा विवरण निर्धारित होटल रजिस्टर में सही एवं अद्यतन रूप से दर्ज किया जाए।
उन्होंने कहा कि यदि किसी होटल या लॉज में कोई संदिग्ध व्यक्ति ठहरता है या किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई देती है, तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित थाना, पुलिस कंट्रोल रूम 94791-93199 अथवा टोल-फ्री नंबर 1800-233-1905 पर दी जाए।

एसपी ने होटल संचालकों को निर्देशित किया कि बाहरी एवं अप्रवासी व्यक्तियों के ठहरने की जानकारी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समय पर पुलिस को उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि होटल संचालकों का सहयोग अपराधों की रोकथाम, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी और जिले की सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में बेहद महत्वपूर्ण है।

बैठक में एसडीओपी अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी, डीएसपी अजाक सतरूपा तारम, सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे सहित जिले के होटल एवं लॉज संचालक उपस्थित रहे। पुलिस ने सभी संचालकों से सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करते हुए पुलिस के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने की अपील की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button