बिर्रा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 3.780 किलो गांजा और स्कूटी जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार…


जांजगीर-चांपा, 11 जुलाई 2026। जांजगीर-चांपा पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना बिर्रा क्षेत्र से अवैध गांजा परिवहन और बिक्री के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3.780 किलोग्राम गांजा (अनुमानित कीमत 57,800 रुपये) तथा परिवहन में प्रयुक्त एक स्कूटी जब्त की है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में थाना बिर्रा पुलिस ने इन-टू-इन विवेचना के तहत कार्रवाई करते हुए इस मामले का खुलासा किया। मुखबिर से सूचना मिलने पर थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम सिलादेही स्थित निर्माणाधीन पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी कर स्कूटी सवार कैलाश कुमार आजाद (37 वर्ष), निवासी टूडरी, थाना बिलाईगढ़, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से 3.780 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने यह गांजा पुरुषोत्तम साहू (45 वर्ष), निवासी ठकुरडिया, थाना बिलाईगढ़, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ से बिक्री के लिए लिया था। इसके बाद पुलिस ने इन-टू-इन विवेचना के तहत पुरुषोत्तम साहू को भी उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने भी अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
थाना बिर्रा पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 92/2026 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव, एएसआई तीजराम जांगड़े तथा थाना बिर्रा के पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




