आरोपी थाने की अभिरक्षा से फरार, मुलजिम सुरक्षा में लापरवाही पर आरक्षक निलंबित…


जांजगीर-चांपा। थाना मुलमुला में अभिरक्षा में रखे गए अवैध शराब बिक्री के आरोपी के फरार होने के मामले में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) ने सख्त कार्रवाई करते हुए ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले आरक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, थाना मुलमुला पुलिस ने अमोरा निवासी फणेन्द्र सिंह (33 वर्ष) के विरुद्ध अवैध शराब बिक्री के मामले में आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया था। आरोपी को थाना मुलमुला में अभिरक्षा में रखा गया था और उसकी सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी आरक्षक ओम प्रकाश डहरिया को सौंपी गई थी।
बताया गया कि 22 अगस्त 2026 को सुबह लगभग 3 बजे से 6 बजे के बीच आरोपी थाना अभिरक्षा से फरार हो गया। घटना के बाद सुरक्षा ड्यूटी में तैनात आरक्षक ओम प्रकाश डहरिया द्वारा कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक ने तत्काल प्रभाव से उसे निलंबित कर रक्षित केंद्र जांजगीर संबद्ध कर दिया।
वहीं, फरार आरोपी के विरुद्ध थाना मुलमुला पुलिस ने धारा 262 BNS के तहत मामला दर्ज कर उसकी पतासाजी शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा आरोपी की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश सहित आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि पुलिस अभिरक्षा में रखे गए आरोपियों की सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा।

