हाइवे पर धारदार हथियार लेकर लोगों को धमका रहा युवक गिरफ्तार, पुलिस की सक्रियता से टली बड़ी घटना…


जांजगीर-चांपा पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से सारागांव क्षेत्र में एक बड़ी घटना होने से टल गई। यातायात पुलिस की पेट्रोलिंग टीम ने हाइवे रोड पर धारदार लोहे के कत्तानुमा हथियार के साथ लोगों को धमका रहे युवक को पकड़कर थाना सारागांव पुलिस के हवाले किया।
जानकारी के अनुसार, यातायात जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से 6 मई 2026 को सारागांव हाइवे रोड पर नियमित पेट्रोलिंग की जा रही थी। इसी दौरान दोपहर करीब 12:30 बजे राहगीरों ने सूचना दी कि उत्तम ढाबा के पास हथनेवरा निवासी एक युवक हाथ में लोहे का धारदार हथियार लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है।
सूचना मिलते ही यातायात शाखा चांपा की टीम स.उ.नि. सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में तत्काल मौके पर पहुंची। टीम में आरक्षक धर्मेंद्र तिवारी, छोटेलाल अजगल्ले एवं सुनील सिंह राजपूत शामिल थे। पुलिस ने घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया और किसी भी संभावित अप्रिय घटना को होने से पहले ही रोक दिया।
पकड़े गए युवक की पहचान प्रकाश सूर्यवंशी (30 वर्ष), निवासी हथनेवरा थाना चांपा के रूप में हुई है। घटना थाना सारागांव क्षेत्र की होने के कारण आरोपी को थाना सारागांव पुलिस को सुपुर्द किया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सूर्यवंशी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आर्म एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया है तथा उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
