Chhattisgarh

बंगाल चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत, जांजगीर-चांपा के अमर सुल्तानिया की रणनीतिक भूमिका रही अहम…

जांजगीर-चांपा।  भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए 294 सदस्यीय विधानसभा में 207 सीटों पर जीत दर्ज कर राज्य की राजनीति में नया इतिहास रच दिया। भाजपा की इस प्रचंड जीत को टीएमसी सरकार के खिलाफ जनता के जनादेश के रूप में देखा जा रहा है।

इस चुनावी महासमर में अमर सुल्तानिया की सक्रिय एवं रणनीतिक भूमिका चर्चा का विषय बनी हुई है। जांजगीर-चांपा जिले से जुड़े अमर सुल्तानिया ने शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर क्रेड़ा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी के मार्गदर्शन में वर्धमान दक्षिण विधानसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी मौमिता बिस्वास मिश्रा के समर्थन में जोरदार चुनाव प्रचार किया। परिणामस्वरूप भाजपा प्रत्याशी ने लगभग 30 हजार मतों से ऐतिहासिक जीत दर्ज की।

पत्रकारों से चर्चा करते हुए अमर सुल्तानिया ने कहा कि बंगाल चुनाव प्रचार के दौरान मिली जिम्मेदारी ने उन्हें रणनीतिक स्तर पर कार्य करने और चुनावी प्रबंधन को करीब से समझने का अवसर दिया। उन्होंने बताया कि बूथ स्तर पर बनाई गई सूक्ष्म रणनीति, मतदाता सूची का गहन विश्लेषण, घर-घर संपर्क अभियान और मतदान दिवस की माइक्रो प्लानिंग जीत के प्रमुख आधार रहे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं गृह मंत्री अमित शाह एवं पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की आक्रामक रणनीति और जनसंवाद ने बंगाल में भाजपा के पक्ष में माहौल तैयार किया। वहीं छत्तीसगढ़ भाजपा के संगठन महामंत्री पवन साय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं की मजबूत टीम ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूती प्रदान की।

वर्धमान जिले की 14 सीटों पर छत्तीसगढ़ से पहुंचे नेताओं और कार्यकर्ताओं ने व्यापक स्तर पर प्रचार अभियान चलाया। इसमें रजनीश सिंह, राजा पाण्डेय, विधायक ललित चंद्राकर, अवधेश चंदेल, विक्रांत सिंह सहित कई नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी रही। भाजपा नेताओं ने इस जीत को बंगाल में सुशासन और संगठनात्मक शक्ति की जीत बताया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button