श्रीमद्भागवत कथा में वामन अवतार का दिव्य प्रसंग: ‘अहंकार का त्याग ही सच्चा दान’ -कथा वाचिका सविता गोस्वामी…


चांपा में बिरथरे परिवार द्वारा आयोजित संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा में भगवान वामन और राजा बलि के प्रसंग ने श्रद्धालुओं को किया भाव-विभोर, डॉ. शरद बिरथरे का मनाया गया जन्मोत्सव
न्यूज जांजगीर-चांपा। चांपा में डॉ. बिरथरे परिवार द्वारा आयोजित सप्तदिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा महापुराण के अंतर्गत रविवार को भगवान विष्णु के वामन अवतार का दिव्य एवं प्रेरणादायी प्रसंग सुनाया गया। वृंदावन से पधारीं सुप्रसिद्ध कथा वाचिका श्रीमती सविता गोस्वामी ने भगवान वामन और दैत्यराज बलि के संवाद का मार्मिक वर्णन करते हुए बताया कि दान की सच्ची महिमा तभी है, जब उसमें अहंकार नहीं, बल्कि श्रद्धा, समर्पण और विनम्रता का भाव हो। कथा के दौरान द मॉडर्न विलेज परिसर में श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर नजर आए।
भगवान वामन ने लिया दिव्य अवतार, देवताओं को दिलाया भय से मुक्ति का संदेश
कथा वाचिका श्रीमती सविता गोस्वामी ने वामन अवतार की कथा सुनाते हुए बताया कि दैत्यराज बलि ने सौ अश्वमेध यज्ञ पूर्ण कर स्वर्ग पर अधिकार कर लिया था। इससे भयभीत देवता भगवान विष्णु की शरण में पहुंचे। देवताओं की रक्षा और धर्म की स्थापना के लिए भगवान विष्णु ने महर्षि कश्यप और माता अदिति के यहां वामन रूप में अवतार लिया।
भगवान वामन एक छोटे ब्राह्मण बालक के रूप में दैत्यराज बलि की यज्ञशाला पहुंचे। उस समय राजा बलि दान-पुण्य कर रहे थे। भगवान ने उनसे केवल तीन पग भूमि दान में मांगी। यह प्रसंग सुनाते हुए कथा वाचिका ने बताया कि भगवान की लीला साधारण दिखाई देने वाली घटनाओं के माध्यम से भी मनुष्य को जीवन का गूढ़ संदेश देती है।
‘जगत के मालिक मेरे द्वार पर खड़े हैं, इससे बड़ा सौभाग्य क्या होगा’
कथा का सबसे भावपूर्ण प्रसंग उस समय आया, जब शुक्राचार्य ने भगवान वामन को पहचानकर राजा बलि को दान देने से रोकने का प्रयास किया। उन्होंने बलि को चेताया कि तीन पग भूमि मांगने वाले ये कोई साधारण ब्राह्मण नहीं, बल्कि स्वयं भगवान विष्णु हैं, जो तीन पग में उनका सब कुछ ले सकते हैं।
इस पर राजा बलि के उदार भाव का वर्णन करते हुए श्रीमती सविता गोस्वामी ने कहा कि बलि ने अपने गुरु से विनम्रतापूर्वक कहा कि यदि साक्षात् जगत के स्वामी भगवान विष्णु एक याचक बनकर उनके द्वार पर आए हैं, तो इससे बड़ा सौभाग्य क्या हो सकता है। उन्होंने कहा कि गुरुजी को तो यह कहना चाहिए कि जब स्वयं जगत के मालिक द्वार पर खड़े हैं, तो अपना सर्वस्व अर्पित कर दो।
राजा बलि के इस भाव के माध्यम से कथा वाचिका ने बताया कि सच्ची भक्ति में स्वार्थ और अहंकार का कोई स्थान नहीं होता। भगवान के प्रति पूर्ण समर्पण ही भक्त की सबसे बड़ी संपत्ति है।
गुरु कृपा से होते हैं गोविंद के दर्शन
कथा के दौरान राजा बलि के संवाद का उल्लेख करते हुए बताया गया कि उन्होंने शुक्राचार्य से कहा कि गुरु की कृपा से ही गोविंद के दर्शन संभव होते हैं। गुरु ने भगवान की पहचान कराकर उचित कार्य किया, लेकिन यदि गुरु की कोई बात भगवान से दूर करने वाली हो, तो उस पर विचार करना आवश्यक है।
इस प्रसंग से श्रद्धालुओं को संदेश दिया गया कि गुरु का उद्देश्य शिष्य को ईश्वर और सत्य के मार्ग पर आगे बढ़ाना है। सच्ची श्रद्धा, विवेक और समर्पण जीवन को सही दिशा प्रदान करते हैं।
कुशा की नोक से फूटी शुक्राचार्य की आंख
कथा के अनुसार, जब राजा बलि भगवान वामन को तीन पग भूमि दान देने के लिए संकल्प करने लगे, तब शुक्राचार्य सूक्ष्म रूप धारण कर जलपात्र की टोंटी में जाकर बैठ गए, जिससे संकल्प का जल बाहर न निकल सके। भगवान वामन उनकी इस युक्ति को समझ गए और उन्होंने कुशा की नोक से टोंटी को साफ किया। इस दौरान शुक्राचार्य की एक आंख क्षतिग्रस्त हो गई।
इसके बाद राजा बलि ने तीन पग भूमि दान करने का संकल्प पूरा किया। भगवान वामन ने विराट रूप धारण कर पहले पग में पृथ्वी और दूसरे पग में स्वर्ग को नाप लिया। तीसरे पग के लिए जब कोई स्थान शेष नहीं बचा, तो राजा बलि ने अपना मस्तक आगे कर दिया और स्वयं को भगवान के चरणों में समर्पित कर दिया।
राजा बलि के त्याग, दान और समर्पण से प्रसन्न होकर भगवान ने उन्हें सुतल लोक का राजा बनाया और स्वयं उनके द्वारपाल बनकर रहने का वचन दिया। यह प्रसंग सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।
कथा से मिला त्याग, समर्पण और विनम्रता का संदेश
श्रीमद्भागवत कथा स्थल पर सहयोगी लेखक शशिभूषण सोनी ने चतुर्थ दिवस की कथा का सार प्रस्तुत करते हुए कहा कि राजा बलि का चरित्र हमें सिखाता है कि दान केवल धन-संपत्ति देने का नाम नहीं, बल्कि अपने अहंकार का त्याग कर ईश्वर के प्रति पूर्ण समर्पण करना भी है। भगवान भक्त के वैभव से अधिक उसके भाव और प्रेम को महत्व देते हैं।
उन्होंने कहा कि भगवान की कृपा प्राप्त करने के लिए मन में विनम्रता, श्रद्धा और निस्वार्थ भाव होना आवश्यक है। वामन अवतार का प्रसंग हमें यह भी सिखाता है कि जीवन में पद, प्रतिष्ठा और संपत्ति स्थायी नहीं हैं, जबकि सच्चा समर्पण और भक्ति अमूल्य हैं।
फूलों से सजे दिव्य मंच पर गूंजे भक्ति के स्वर
द मॉडर्न विलेज, चांपा परिसर में आयोजित कथा स्थल को फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। दिव्य मंच पर भगवान राधा-कृष्ण के विशाल चित्रों के साथ मोर पंख, गेंदा और गुलाब के फूलों की सजावट ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। संगीतमय कथा और भगवान की लीलाओं के भावपूर्ण वर्णन से श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गए।
कथा श्रवण के लिए प्रोफेसर अश्विनी केसरवानी, नारायण प्रसाद सोनार, डॉ. शुभम गुप्ता, डॉ. रविन्द्र द्विवेदी, गगन जयपुरिया, शशिभूषण सोनी, गोपाल मित्तल, रमेश देवांगन, श्रीमती प्रमिला पाण्डेय, डॉ. कुमुदिनी द्विवेदी, आरती देवांगन, शांता गुप्ता, सुशीला सोनी, शिव कंसारी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
इस अवसर पर आयोजक परिवार की ओर से डॉ. शरद बिरथरे का जन्मोत्सव भी मनाया गया। कथा के समापन पर बिरथरे परिवार सहित उपस्थित महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने भगवान की आरती की और प्रसाद ग्रहण किया।

