इंस्टाग्राम पर अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने वाला आरोपी कोलकाता से गिरफ्तार, चांपा पुलिस की बड़ी कार्रवाई…


जांजगीर-चांपा, 19 जुलाई 2026। इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर वीडियो कॉल के दौरान अश्लील वीडियो रिकॉर्ड कर महिला को ब्लैकमेल करने वाले आरोपी को थाना चांपा पुलिस ने पश्चिम बंगाल के कोलकाता से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 25 मार्च 2026 को थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि करीब एक वर्ष पहले उसकी इंस्टाग्राम के माध्यम से आरोपी से दोस्ती हुई थी। दोनों के बीच वीडियो कॉल पर बातचीत होती थी। इसी दौरान आरोपी ने वीडियो कॉल की रिकॉर्डिंग कर ली और बाद में उसे वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगा।
मामले में थाना चांपा में अपराध क्रमांक 127/26 के तहत धारा 67(ए) आईटी एक्ट एवं धारा 79 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। साइबर सेल की तकनीकी सहायता से आरोपी की लोकेशन पश्चिम बंगाल के कोलकाता में मिलने पर पुलिस टीम वहां रवाना हुई।
पुलिस ने अमल रैन (19 वर्ष)पिता लाल मोहम्मद निवासी रविंद्र सारनी, थाना पोस्ता, जिला कोलकाता (पश्चिम बंगाल) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव के मार्गदर्शन में उपनिरीक्षक सत्यम चौहान, प्रधान आरक्षक सुनील सिंह, आरक्षक ईश्वरी राठौर एवं थाना चांपा की साइबर टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


