विजयादशमी पर जांजगीर-चांपा पुलिस ने की शस्त्र पूजा, जनसेवा और सुरक्षा का लिया संकल्प…


विधि-विधान से हुई पूजा-अर्चना, जिले में सुख-शांति और समृद्धि की कामना के साथ पुलिस अधिकारियों ने दी पर्व की शुभकामनाएं
जांजगीर-चांपा। विजयादशमी के पावन अवसर पर मंगलवार, 20 अक्टूबर 2026 को पुलिस लाइन जांजगीर में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विधि-विधान से शस्त्र पूजा की। इस दौरान उन्होंने जिले में सुख, शांति और समृद्धि बनाए रखने के साथ-साथ कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ रखने की कामना की। एसपी ने इस अवसर पर जिलेवासियों को विजयादशमी पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं।
कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा का प्रतीक है शस्त्र पूजा-
दशहरा पर्व पर शस्त्र पूजा पुलिस विभाग की महत्वपूर्ण परंपरा है। यह परंपरा साहस, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा के प्रति समर्पण का प्रतीक मानी जाती है। पुलिस विभाग द्वारा इस परंपरा का निर्वहन करते हुए शस्त्रों की पूजा-अर्चना की गई तथा जनसुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के संकल्प को दोहराया गया।
शस्त्र पूजा कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जांजगीर डॉ. यूलैंडन यार्क, डीएसपी मुख्यालय विजय कुमार पैकरा, डीएसपी अजाक सतरूपा तारम, सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे, एसडीओपी चांपा लौकेश बंसल, जिला सेनानी योगिता साहू और रक्षित निरीक्षक प्रदीप कुमार जोशी सहित पुलिस लाइन के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
थानों और चौकियों में भी हुई पूजा-अर्चना–
जांजगीर-चांपा जिले के सभी थाना एवं चौकियों में भी संबंधित थाना प्रभारियों द्वारा विधि-विधान से शस्त्र पूजा की गई। विजयादशमी के अवसर पर जांजगीर-चांपा पुलिस ने जिलेवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की मंगलकामना करते हुए सभी को पर्व की शुभकामनाएं दीं।
