ईद मिलादुन्नबी पर इंसानियत का पैगाम: लगातार चौथे साल लगा विशाल रक्तदान शिविर…


चांपा में सुन्नी मुस्लिम जमात एवं ऑल मुस्लिम वेलफेयर फाउंडेशन की पहल, रक्तदान कर दिया मानव सेवा और सामाजिक सद्भाव का संदेश..
चांपा। ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर सुन्नी मुस्लिम जमात चांपा एवं ऑल मुस्लिम वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा लगातार चौथे वर्ष विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए स्वेच्छा से रक्तदान किया और जरूरतमंद मरीजों की जिंदगी बचाने के लिए अपना योगदान दिया।
इस आयोजन की खास बात यह रही कि ईद मिलादुन्नबी के मौके पर रक्तदान के माध्यम से इंसानियत,सेवा और भाईचारे का संदेश शहर तक पहुंचाया गया। आयोजकों का कहना है कि रक्त का कोई धर्म नहीं होता। किसी जरूरतमंद की जान बचाना ही सबसे बड़ी मानव सेवा है।
चार साल से लगातार जारी है सेवा का सिलसिला-
सुन्नी मुस्लिम जमात चांपा और ऑल मुस्लिम वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा पिछले चार वर्षों से ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर रक्तदान शिविर आयोजित किया जा रहा है। इस पहल के जरिए जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराने के साथ समाज में सेवा और सद्भाव की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।
एक यूनिट रक्त बन सकता है किसी की जिंदगी की उम्मीद-
रक्तदान को लेकर आयोजकों ने लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि स्वस्थ व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान किसी दुर्घटना पीड़ित, गंभीर मरीज, गर्भवती महिला या जरूरतमंद व्यक्ति के लिए जीवन बचाने वाला साबित हो सकता है। इसलिए अधिक से अधिक लोगों को आगे आकर स्वैच्छिक रक्तदान करना चाहिए।
शहर को दिया भाईचारे और इंसानियत का संदेश-
इस नेक पहल ने चांपा शहर में सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे का सकारात्मक संदेश दिया। आयोजकों ने कहा कि धार्मिक पर्वों को केवल उत्सव तक सीमित न रखकर उन्हें मानव सेवा और समाज के हित में समर्पित करना ही इस पहल का उद्देश्य है।

मुख्य अतिथि एवं गणमान्य नागरिक रहे मौजूद
रक्तदान शिविर में मुख्य अभ्यागत प्रदीप नामदेव उपस्थित रहे। इसके अलावा हरीश पांडेय, टीकम कंसारी, महेंद्र तिवारी, पुरुषोत्तम देवांगन, मंगल चंद देवांगन सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक एवं सदस्य उपस्थित रहे। अतिथियों ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए इस नेक पहल की सराहना की।
