अवैध शराब पर सख्ती: कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने दिए सघन अभियान और कड़ी कार्रवाई के निर्देश…


सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा, पीएम आवास हितग्राहियों को प्रतीक्षा सूची व सर्वे की जानकारी देने कहा।
जांजगीर-चांपा, 15 सितंबर 2026। जिले में शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और लंबित मामलों के त्वरित निराकरण को लेकर कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक ली। बैठक में उन्होंने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और विभागीय गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
अवैध शराब के खिलाफ चलेगा सघन अभियान-
बैठक में कलेक्टर ने जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर आबकारी विभाग सहित संबंधित विभागों को सघन अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध शराब के मामलों में कड़ी कार्रवाई करने के साथ ही लगातार निगरानी और जांच अभियान जारी रखने पर जोर दिया।
सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा-
कलेक्टर ने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों और क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को अभियान के तहत सौंपे गए दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने तथा सभी तैयारियां निर्धारित समय में पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर विशेष जोर दिया।
पीएम आवास हितग्राहियों को दें पूरी जानकारी-
प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने पात्र हितग्राहियों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि हितग्राहियों को प्रतीक्षा सूची में उनकी स्थिति तथा आगामी आवास सर्वे के संबंध में स्पष्ट और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि पात्र परिवार योजना से जुड़ी प्रक्रिया और अपने अधिकारों से अवगत हो सकें।
सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों में तेजी के निर्देश-
कलेक्टर ने जिले में चल रहे सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने टेंडर की स्थिति, स्वीकृत कार्यों और प्रारंभ किए गए कार्यों की जानकारी लेते हुए कहा कि स्वीकृत कार्यों को जल्द शुरू किया जाए तथा प्रगतिरत कार्यों में तेजी लाई जाए। उन्होंने सड़क मरम्मत के कार्यों को प्राथमिकता के साथ शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।
पीएम सूर्यघर योजना का बढ़ाएं प्रचार-प्रसार-
बैठक में पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत इस सप्ताह और अब तक हुए सोलर इंस्टॉलेशन की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को योजना से जोड़कर लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
लंबित शिकायतों के त्वरित निराकरण पर जोर
कलेक्टर ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, मुख्यमंत्री जनदर्शन और कलेक्टर जनदर्शन से प्राप्त लंबित आवेदनों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम लोगों की शिकायतों और समस्याओं का समय पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
इसके अलावा बैठक में स्वच्छता, सेवा सेतु पोर्टल, जल जीवन मिशन सहित पंचायत, लोक निर्माण, शिक्षा, विद्युत, खाद्य, सहकारिता, नगरीय प्रशासन एवं विकास, मत्स्य पालन, महिला एवं बाल विकास तथा पशु चिकित्सा विभाग सहित अन्य विभागों के कार्यों की भी विस्तार से समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
