Chhattisgarh

राखी के बंधन से साइबर सुरक्षा का संकल्प: 432 पंचायतों में एक साथ गूंजेगा जागरूकता का संदेश…


जांजगीर-चांपा पुलिस की अनूठी पहल “एक राखी साइबर जागृति की” का 27 अगस्त को शुभारंभ, गांव से शहर तक चलेगा साइबर जागरूकता अभियान..

जांजगीर-चांपा। रक्षाबंधन के पवित्र पर्व को साइबर सुरक्षा और जागरूकता से जोड़ते हुए जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा एक अनूठी पहल की शुरुआत की जा रही है। “एक राखी साइबर जागृति की” नाम से शुरू होने वाले इस व्यापक अभियान का शुभारंभ 27 अगस्त 2026 को जिलेभर में किया जाएगा। अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ जांजगीर स्थित ऑडिटोरियम हॉल में कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में होगा।

इस अभियान के माध्यम से गांव से शहर तक एक साथ साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाने की तैयारी की गई है। जिले की 432 ग्राम पंचायतों के अलावा शहरी क्षेत्रों, शासकीय प्रतिष्ठानों, कॉलेजों और शासकीय विद्यालयों में भी साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

राखी बांधकर लिया जाएगा साइबर सुरक्षा का संकल्प-
अभियान के तहत निर्धारित स्थानों पर सुबह 10:30 बजे तथा जिलेभर में 11:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक जांजगीर-चांपा पुलिस, ग्राम कोटवार और ग्रामीण क्षेत्रों की महिला कमांडो एक-दूसरे को “साइबर जागृति की राखी” बांधेंगे। इसके साथ ही लोगों को साइबर अपराधों से सतर्क रहने और दूसरों को भी जागरूक करने का संकल्प दिलाया जाएगा।
राखी के इस पवित्र बंधन को साइबर सुरक्षा का संदेश बनाते हुए पुलिस द्वारा आमजन को ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी फ्रॉड, सोशल मीडिया अपराध, बैंकिंग फ्रॉड और अन्य साइबर अपराधों से बचने के उपाय बताए जाएंगे।

गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराने की तैयारी-
जांजगीर-चांपा पुलिस की इस अभिनव एवं व्यापक पहल को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराने की दिशा में भी प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए कार्यक्रम में गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है।
एक ही समय में जिले की सैकड़ों ग्राम पंचायतों और शहरी क्षेत्रों तक साइबर जागरूकता का संदेश पहुंचाने वाली यह पहल जनभागीदारी के साथ साइबर अपराध के खिलाफ सामूहिक जागरूकता की मिसाल बनने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

पुलिस का उद्देश्य है कि रक्षाबंधन के भावनात्मक और सामाजिक संदेश को साइबर सुरक्षा से जोड़कर प्रत्येक परिवार तक यह संदेश पहुंचाया जाए कि थोड़ी सी सतर्कता ऑनलाइन ठगी से बचा सकती है।

“राखी का बंधन, साइबर सुरक्षा का संकल्प—सतर्क रहें, सुरक्षित रहें।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button