Chhattisgarh

चांपा में आस्था और भक्ति का भव्य महापर्व, टेराकोटा थीम पर सजेगा ‘चांपा की महारानी’ का पंडाल…

11 से 20 अक्टूबर तक होगा भव्य आयोजन, भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और संगीतमय महाआरती रहेगी आकर्षण का केंद्र…

चांपा। शक्ति, श्रद्धा और भक्ति के महापर्व के अवसर पर इस वर्ष चांपा में ‘चांपा की महारानी’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। चांपा की अधिष्ठात्री देवी के प्रति आस्था को समर्पित यह आयोजन 11 अक्टूबर से 20 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होगा। आयोजन स्थल सिवनी चौक, चांपा में भव्य पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है, जिसे विशेष रूप से टेराकोटा थीम पर तैयार किया जा रहा है।

आयोजन समिति के अनुसार पंडाल को आकर्षक एवं पारंपरिक स्वरूप देने के साथ धार्मिक और सांस्कृतिक भावनाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। विशाल पंडाल में मां की भव्य प्रतिमा के साथ आकर्षक विद्युत सज्जा और धार्मिक कलाकृतियां श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

दस दिनों तक भक्ति और संस्कृति का संगम-
‘चांपा की महारानी’ महापर्व के दौरान प्रतिदिन विभिन्न भजन, कीर्तन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही प्रतिदिन संगीतमय महाआरती होगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।
आयोजन स्थल को दीपों और आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा। आयोजकों का उद्देश्य धार्मिक आयोजन के माध्यम से भक्ति, आस्था, एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा देना है।

श्रद्धालुओं के लिए विशेष तैयारियां-
आयोजन को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। पंडाल निर्माण के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं से स्वच्छता, शांति और सौहार्द बनाए रखते हुए महापर्व में सहभागी बनने की अपील की है।
दस दिनों तक चलने वाला यह आयोजन चांपा शहर में धार्मिक उत्साह के साथ-साथ कला, संस्कृति और भक्ति का अनूठा संगम प्रस्तुत करेगा। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं को ‘चांपा की महारानी’ के दर्शन एवं महापर्व में शामिल होने के लिए सादर आमंत्रित किया है।
जय चांपा महारानी। जय माता दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button