Chhattisgarh

“बाहरी लोगों की खैर नहीं! 150 का सत्यापन, 130 संदिग्धों से पूछताछ”

जांजगीर-चांपा में पुलिस का सघन चेकिंग अभियान: 150 बाहरी मजदूरों का सत्यापन, 130 संदिग्धों से पूछताछ और लिए गए फिंगरप्रिंट..

जांजगीर-चांपा। जिले में अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा बाहरी राज्यों से आकर निवास एवं काम करने वाले व्यक्तियों की सघन जांच और सत्यापन अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (IPS) के निर्देश पर थाना कोतवाली क्षेत्र में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने यह कार्रवाई की।

अभियान के दौरान इंडस्ट्रियल एरिया और रेलवे स्टेशन के आसपास कार्यरत दूसरे राज्यों से आए करीब 150 मजदूरों का पुलिस टीम द्वारा सत्यापन किया गया। इस दौरान उनके पहचान संबंधी दस्तावेजों की गहन जांच की गई।
वहीं थाना कोतवाली क्षेत्र के बनारी, पुटपुरा, तिलई और धनवा में किराए के मकानों में रह रहे बाहरी व्यक्तियों की भी सघन जांच की गई। पुलिस की पांच अलग-अलग टीमों में शामिल करीब 50 पुलिसकर्मियों द्वारा अभियान चलाया गया। इस दौरान 130 संदिग्ध व्यक्तियों को पूछताछ एवं दस्तावेज सत्यापन के लिए कंट्रोल रूम लाया गया।
पुलिस अधिकारियों ने सभी व्यक्तियों से अलग-अलग पूछताछ करते हुए उनके पहचान संबंधी दस्तावेजों की जांच एवं सत्यापन किया। भविष्य में अपराध नियंत्रण और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उनके फिंगरप्रिंट भी लिए गए।

एसपी के निर्देश पर लगातार जारी रहेगा अभियान-
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (IPS) द्वारा थाना प्रभारियों की बैठक लेकर थाना क्षेत्रों में दूसरे राज्यों से आकर रहने वाले व्यक्तियों की नियमित जांच एवं सत्यापन के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यूलैंडन यॉर्क, नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली योगिता बाली खापर्डे के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी कोतवाली जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों की रोकथाम तथा बाहरी व्यक्तियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के चेकिंग एवं सत्यापन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

किरायेदारों की जानकारी पुलिस को देने की अपील
पुलिस ने आम नागरिकों और मकान मालिकों से अपील की है कि वे अपने मकान में किराए पर रहने वाले व्यक्तियों तथा आसपास निवास करने वाले बाहरी लोगों की जानकारी संबंधित थाने में अवश्य उपलब्ध कराएं। पुलिस ने कहा कि संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने से अपराधों की रोकथाम में मदद मिलेगी। पुलिस ने आमजन से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button