शेयर ट्रेडिंग ठगी का मुख्य आरोपी पीयूष जायसवाल फरार, गृह मंत्रालय ने जारी किया लुक आउट सर्कुलर (LOC)…


जांजगीर-चांपा | 27 जुलाई 2026
शेयर ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर करोड़ों रुपये की कथित ठगी करने के मामले में फरार आरोपी पीयूष जायसवाल के खिलाफ भारत सरकार के गृह मंत्रालय (MHA) ने लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी कर दिया है। जांजगीर-चांपा पुलिस आरोपी की लगातार तलाश कर रही है और उसके देश से बाहर भागने की आशंका को देखते हुए यह कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, पीयूष जायसवाल (21 वर्ष), निवासी ग्राम पोडीशकर, थाना बम्हनीडीह, ने बम्हनीडीह, चांपा, कोरबा सहित जिले के कई लोगों को शेयर ट्रेडिंग में अधिक लाभ का लालच देकर बड़ी रकम निवेश कराई और करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने के बाद फरार हो गया।
इस मामले में थाना बम्हनीडीह में अपराध क्रमांक 87/2024 तथा थाना चांपा में अपराध क्रमांक 152/2025 दर्ज हैं। पुलिस आरोपी को पहले गिरफ्तार कर न्यायालय में चालान पेश कर चुकी थी, लेकिन उसके बाद से वह लगातार न्यायालय में अनुपस्थित चल रहा है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध थाना चांपा के मामले में स्थायी गिरफ्तारी वारंट तथा थाना बम्हनीडीह के मामले में गिरफ्तारी वारंट जारी है। इसके अलावा बिलासपुर न्यायालय में परक्राम्य लिखत अधिनियम की धारा 138 के प्रकरण और कोरबा न्यायालय के कई मामलों में भी उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किए जा चुके हैं।
आरोपी की लगातार फरारी और न्यायालय में पेश नहीं होने के कारण गृह मंत्रालय द्वारा लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किया गया है, जिससे देश के सभी एयरपोर्ट, बंदरगाहों और अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर उसके आवागमन पर निगरानी रखी जा सके।
पुलिस ने जनता से मांगी मदद-
जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि आरोपी पीयूष जायसवाल के संबंध में कोई भी जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम जांजगीर – 94791-93199 अथवा थाना चांपा प्रभारी – 79874-60292 पर सूचना दें। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।


