Chhattisgarh

हाईवे पर मारपीट कर लूट, चंद घंटों में एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी…

जांजगीर-चांपा। जिले के थाना चांपा पुलिस ने हाईवे पर मारपीट और लूट की वारदात का खुलासा करते हुए घटना के कुछ ही घंटों के भीतर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से लूटी गई रकम में से 100 रुपये बरामद किए गए हैं, जबकि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम सेमरा निवासी सूरज कुमार साहू ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 21 जुलाई की रात वह अपने साथियों के साथ उरगा से कार से लौट रहा था। चांपा रेलवे ओवरब्रिज के पास एक व्यक्ति को लिफ्ट देने के बाद हथनेवरा मोड़ के समीप रात करीब 12:30 बजे तीन मोटरसाइकिलों पर सवार 4-5 युवक वहां पहुंचे और शराब पार्टी के लिए पैसे मांगने लगे।
पैसे देने से मना करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए सूरज कुमार साहू और उसके साथियों के साथ हाथ, मुक्के, लात और बेल्ट से बेरहमी से मारपीट की। इस दौरान जान से मारने की धमकी देते हुए आरोपियों ने सूरज की जेब से 1,500 रुपये लूट लिए। फरार होने से पहले एक आरोपी ने पत्थर मारकर कार का पिछला शीशा भी तोड़ दिया।

मामले की सूचना मिलते ही थाना चांपा पुलिस ने अपराध क्रमांक 397/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(6), 324(2) एवं 3(5) के तहत जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने साहिल कुमार पटेल उर्फ अक्की (20 वर्ष), निवासी खाल्हेपारा, हथनेवरा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी ने अपने साथियों के साथ वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उसके कब्जे से लूटी गई रकम में से 100 रुपये बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button