जांजगीर-चांपा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पाकिस्तान समर्थित स्लीपर सेल का कथित सदस्य गिरफ्तार, ISI से संपर्क के मिले डिजिटल साक्ष्य…


अकलतरा। जांजगीर-चांपा पुलिस को राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े एक गंभीर मामले में बड़ी सफलता मिली है। किरायेदार सत्यापन अभियान के दौरान पुलिस ने अकलतरा से एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया है, जिस पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े तत्वों के संपर्क में रहकर देश विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सेवक सिंह (23 वर्ष), पिता बलविंदर सिंह, निवासी पट्टी, जिला तरन तारण (पंजाब) के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 350/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 152 एवं 61(2) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
किरायेदार सत्यापन अभियान में हुआ खुलासा..
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में जिलेभर में चलाए जा रहे किरायेदार सत्यापन अभियान के दौरान पुलिस को सूचना मिली थी कि अकलतरा के मिनीमाता चौक स्थित एक मकान में बाहरी राज्यों के कई लोग किराए पर रह रहे हैं। सत्यापन के दौरान सेवक सिंह की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर उससे पूछताछ की गई।
पुलिस के अनुसार आरोपी के जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर उसके मोबाइल फोन की जांच की गई, जिसमें पाकिस्तान, सऊदी अरब और अन्य विदेशी नंबरों से संपर्क के कथित प्रमाण मिले।
ISI समर्थित नेटवर्क से संपर्क का आरोप..
प्रारंभिक जांच में आरोपी के पाकिस्तान स्थित ISI समर्थित नेटवर्क से जुड़े व्यक्तियों के संपर्क में होने की बात सामने आई है। पुलिस का दावा है कि आरोपी व्हाट्सएप, टेलीग्राम और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से विदेशी नंबरों और संदिग्ध व्यक्तियों से लगातार संपर्क में था।
जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि आरोपी द्वारा छत्तीसगढ़ के महत्वपूर्ण व्यक्तियों, संवेदनशील स्थलों, वाहनों की जानकारी, लोकेशन तथा फोटो-वीडियो जैसी सूचनाएं साझा की जा रही थीं।
मोबाइल से मिले महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य..
पुलिस ने आरोपी के मोबाइल फोन से व्हाट्सएप चैट, वीडियो कॉल रिकॉर्ड, कॉल रिकॉर्डिंग सहित अन्य डिजिटल सामग्री बरामद करने का दावा किया है। मोबाइल फोन को जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है, जिससे पूरे नेटवर्क और संपर्कों की विस्तृत जांच की जा सके।
हथियार मिलने के बाद टारगेट किलिंग की थी योजना..
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी को पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से हथियार उपलब्ध कराए जाने की योजना थी। हथियार मिलने के बाद उसे संचालकों द्वारा दिए गए लक्ष्यों पर हमला करने अथवा टारगेट किलिंग जैसे कार्य सौंपे जाने की संभावना जताई गई है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इन तथ्यों की अंतिम पुष्टि विस्तृत विवेचना और फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला…
पुलिस का कहना है कि आरोपी की गतिविधियां देश की सुरक्षा, एकता और अखंडता के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न करने वाली प्रतीत होती हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। फिलहाल पुलिस एवं सुरक्षा एजेंसियां पूरे नेटवर्क, विदेशी संपर्कों और संभावित सहयोगियों की पहचान में जुटी हुई हैं।
जांजगीर-चांपा पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आने वाले दिनों में कई महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।

