रेरा की दो टूक, प्रोजेक्ट का रजिस्ट्रेशन बढ़ने से नहीं बदलेगी कब्जे की तारीख, देरी पर बिल्डर को देना होगा ब्याज और मुआवजा…


रायपुर। घर खरीदने का सपना संजोने वाले लोगों के लिए रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी (RERA) की ओर से महत्वपूर्ण स्पष्टीकरण सामने आया है। रेरा ने साफ कर दिया है कि किसी बिल्डर को प्रोजेक्ट के रजिस्ट्रेशन की अवधि बढ़ाने की अनुमति मिल जाने का मतलब यह नहीं है कि वह खरीदारों को मकान या फ्लैट का कब्जा देने की तय तारीख भी अपनी मर्जी से आगे बढ़ा सकता है। खरीदार और बिल्डर के बीच हुए एग्रीमेंट में दर्ज कब्जे की तारीख ही कानूनी रूप से मान्य होगी।
प्रोजेक्ट एक्सटेंशन और कब्जे की तारीख अलग-अलग-
रेरा के मुताबिक किसी आवासीय परियोजना का पंजीयन निर्धारित अवधि में निर्माण एवं विकास कार्य पूरा कराने के उद्देश्य से किया जाता है। यदि किसी कारणवश बिल्डर तय समय में परियोजना पूरी नहीं कर पाता है, तो वह प्राधिकरण से पंजीयन अवधि बढ़ाने का अनुरोध कर सकता है।
हालांकि, पंजीयन अवधि में मिलने वाला यह विस्तार खरीदार के साथ किए गए एग्रीमेंट फॉर सेल में उल्लेखित पजेशन डेट को स्वतः नहीं बदलता। यानी रेरा से प्रोजेक्ट की अवधि बढ़वाने के आधार पर बिल्डर खरीदार को मकान का कब्जा देने में हुई देरी से अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकता।
देरी होने पर हर महीने देना होगा ब्याज-
रेरा अधिनियम की धारा 18 के तहत यदि बिल्डर एग्रीमेंट में तय तारीख तक मकान, फ्लैट या प्लॉट का कब्जा देने में विफल रहता है, तो खरीदार को कानूनी अधिकार प्राप्त हैं।
यदि खरीदार परियोजना से बाहर निकलना चाहता है, तो वह जमा की गई राशि ब्याज और लागू मुआवजे सहित वापस मांग सकता है। वहीं, यदि खरीदार परियोजना में बने रहना चाहता है, तो उसे कब्जा मिलने तक देरी के प्रत्येक महीने के लिए निर्धारित दर से ब्याज पाने का अधिकार है।
घर खरीदारों के लिए क्या है महत्वपूर्ण संदेश-
रेरा के इस स्पष्टीकरण से बिल्डरों की जवाबदेही और घर खरीदारों के अधिकारों को लेकर स्थिति स्पष्ट होती है। प्रोजेक्ट का रजिस्ट्रेशन एक्सटेंशन बिल्डर को निर्माण कार्य पूरा करने के लिए अतिरिक्त समय दे सकता है, लेकिन इससे खरीदार के साथ हुए समझौते की शर्तें स्वतः नहीं बदल जातीं।
घर खरीदने वालों को सलाह है कि वे अपने एग्रीमेंट फॉर सेल में दर्ज कब्जे की तारीख, भुगतान की शर्तों और अन्य प्रावधानों को ध्यानपूर्वक देखें। तय समय पर कब्जा नहीं मिलने की स्थिति में वे रेरा प्राधिकरण के समक्ष शिकायत दर्ज कर अपने अधिकारों के लिए कानूनी कार्रवाई कर सकते हैं।
रेरा का यह संदेश साफ है कि घर खरीदारों के साथ हुए समझौते की समय-सीमा सर्वोपरि है और प्रोजेक्ट की अवधि बढ़ने के नाम पर बिल्डर खरीदारों के अधिकारों की अनदेखी नहीं कर सकता।

