Chhattisgarh

कोसा हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा: प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह, महिला समेत तीन आरोपी गिरफ्तार…

जांजगीर-चांपा। जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र के ग्राम कोसा में युवक अमित भंडारी की हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने हत्या की साजिश और वारदात में शामिल एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार हत्या की मुख्य वजह मृतक अमित भंडारी और आरोपी महिला संतोषी सिंह के बीच प्रेम प्रसंग सामने आया है।

पुलिस ने मामले की जांच में आधुनिक तकनीक के साथ-साथ फॉरेंसिक जांच का भी सहारा लिया। घटना की कड़ियां जोड़ने के लिए 200 से अधिक टावर डंप, CDR, IPDR और CCTV फुटेज का विश्लेषण किया गया। इसके अलावा LVA, ब्रेन मैपिंग और नार्को टेस्ट जैसी फॉरेंसिक तकनीकों का भी इस्तेमाल किया गया। घटना स्थल का री-क्रिएशन और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का पुनर्विश्लेषण भी जांच का हिस्सा रहा।

27 जून की रात घर से निकला था अमित-
पुलिस के मुताबिक 27 जून 2026 की रात ग्राम कोसा निवासी अमित भंडारी अपने घर से निकला था। इसके बाद उसका शव 29 जून की सुबह गांव के अमहदा तालाब के पास स्थित एक सुनसान बाड़ी में बरामद हुआ था। घटना के बाद पुलिस ने हत्या के विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को मृतक अमित भंडारी और गांव की ही युवती संतोषी सिंह के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग होने की जानकारी मिली। पुलिस जांच में सामने आया कि शादी के बाद भी दोनों के बीच बातचीत होती थी और अमित के गांव लौटने पर दोनों फोन पर संपर्क में रहते थे। घटना वाली रात भी दोनों के बीच करीब रात 1:30 बजे तक फोन पर बातचीत हुई थी।

बहन के साथ अमित को देखकर आरोपी ने खोया आपा-
पुलिस के अनुसार रात करीब 2:30 बजे अमित, संतोषी सिंह से मिलने उसके घर के पीछे पहुंचा। इसी दौरान संतोषी का भाई बजरंग सिंह टेंट का काम खत्म कर घर लौटा। घर के पीछे कुछ आवाज सुनकर जब वह वहां पहुंचा तो उसने अपनी बहन के साथ अमित को देखा। इसके बाद विवाद शुरू हो गया और मारपीट होने लगी।
मारपीट के दौरान अमित का सिर पीछे दीवार से टकराया, जिससे वहां खून का निशान बन गया। पुलिस के मुताबिक अमित जान बचाकर भागने की कोशिश में पीछे की दीवार फांदने का प्रयास कर रहा था, तभी बजरंग सिंह ने पास पड़े छोटे फावड़े/रापा से अमित के सिर और छाती पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

शव छिपाकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश-
हत्या के बाद आरोपी बजरंग सिंह ने घबराकर अमित के शव को घर के पीछे स्थित बाड़ी में झुरमुट के नीचे छिपा दिया। उसी रात गांव में चोरी की सूचना पर डायल-112 की टीम पहुंची हुई थी और गांव में लोगों की आवाजाही भी थी। ऐसे में आरोपियों को शव कहीं और ले जाने पर पकड़े जाने का डर था।
पुलिस के अनुसार संतोषी सिंह ने पूरी घटना देखी और शव छिपाने में भी मदद की। अगले दिन बजरंग सिंह के बड़े भाई पप्पू सिंह के गांव लौटने पर उसे पूरी घटना की जानकारी दी गई। इसके बाद तीनों ने मिलकर अमित को खोजने का नाटक किया और उसके परिजनों के साथ मिलकर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया। परिजनों की ओर से मुलमुला थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई।

शव को गांव के बीचों-बीच रखकर रची गई नई कहानी
पुलिस के मुताबिक 28 जून की मध्यरात्रि करीब 12 बजे मौका देखकर दोनों आरोपियों ने अमित के शव को गांव के बीचों-बीच ऐसी जगह पर रख दिया, जहां पुलिस को उन पर संदेह न हो। इसके बाद पुलिस को सूचना मिलने पर 29 जून को अज्ञात अपराध दर्ज कर विभिन्न पहलुओं से जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान बिलासपुर से आई ट्रैकर डॉग विमला से मिले सुराग, आरोपियों की लोकेशन, घटना के बाद उनका संदिग्ध व्यवहार और पूछताछ के दौरान बार-बार बदलते बयानों ने पुलिस का संदेह गहरा किया। इसके बाद नार्को टेस्ट, पॉलीग्राफ और ब्रेन मैपिंग जैसी जांचों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों से दोबारा सख्ती से पूछताछ की, जिसके बाद उन्होंने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।

हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद-
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल छोटा फावड़ा/रापा तथा शव को दूसरी जगह ले जाने के लिए इस्तेमाल की गई छोटी सीढ़ी बरामद की है। पुलिस ने बजरंग सिंह, संतोषी सिंह और पप्पू सिंह को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है। संतोषी सिंह और पप्पू सिंह को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि बजरंग सिंह को पुलिस रिमांड पर लेकर आगे की फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी।
पुलिस की इस कार्रवाई से पिछले करीब दो माह से उलझे इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझ गई है। मामले में तकनीकी साक्ष्यों, फॉरेंसिक जांच और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ते हुए तीनों आरोपियों तक पहुंच बनाई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button