प्यार का झांसा देकर महिला से अनाचार, अश्लील वीडियो बनाकर धमकाने वाला आरोपी गिरफ्तार…


चांपा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
जांजगीर-चांपा। प्यार और भरोसे का झांसा देकर महिला से अनाचार करने तथा उसका अश्लील वीडियो बनाकर धमकी देने के मामले में चांपा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69, 296, 351(2) तथा आईटी एक्ट की धारा 67 एवं 67(ए) के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पीड़िता ने दर्ज कराई शिकायत…
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने थाना चांपा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी ने उसे प्रेम और शादी का झांसा देकर उसके साथ जबरदस्ती अनाचार किया। आरोप है कि आरोपी ने धोखे से घटना का अश्लील वीडियो भी बना लिया और बाद में वीडियो को लेकर पीड़िता को धमकी देने लगा।
पीड़िता की शिकायत पर थाना चांपा में अपराध क्रमांक 444/2026 पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना शुरू की गई।
मुखबिर की सूचना पर आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम द्वारा आरोपी की लगातार पतासाजी की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना प्राप्त हुई। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया।
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा घटना करना स्वीकार किए जाने की बात पुलिस ने कही है। इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
आशीष तिवारी (24 वर्ष)
निवासी – करकोना, थाना बिजरी, जिला अनूपपुर (मध्यप्रदेश)
हाल निवास – चांपा
पुलिस द्वारा मामले में आगे की विवेचना की जा रही है। पुलिस का कहना है कि महिलाओं से जुड़े अपराधों में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

